एनएच 83 पर सड़क के िकनारे रखी गयी िनर्माण सामग्री.
राष्ट्रीय राजमार्ग 83 पर किया जा रहा निर्माण सामग्री का भंडार
जहानाबाद नगर : शहर से होकर गुजरनेवाला एनएच 83 कहने को तो डबल लेन का है, लेकिन सड़क पर यत्र-तत्र निर्माण सामग्री का भंडारण एवं अवैध दुकानें के कारण सिंगल लेन में तब्दील हो गया है. एनएच 83 पर निर्माण सामग्री के भंडारण के कारण वाहनों के परिचालन पर तो असर पड़ ही रहा है, लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. सड़क किनारे रहनेवाले लोग अथवा मुख्य सड़क के किनारे बसे मुहल्ले के लोग निर्माण सामग्री को मुहल्ले में रखने के बजाय मुख्य सड़क पर ही रखना ज्यादा मुनासिब समझते हैं. साफ-सुथरी सड़क पर निर्माण सामग्री की बर्बादी काफी कम होती है. हालांकि इससे पैदल चलनेवाले यात्रियों तथा वाहनचालकों को काफी परेशानी होती है. कई बार तो उन्हें दुर्घटना का शिकार होना भी पड़ता है.
कई स्थानों पर सड़क किनारे लगती है दुकानें : राष्ट्रीय राजमार्ग 83 पर कोर्ट एरिया से लेकर डीएम आवास तक कई स्थानों पर सड़क किनारे दुकानें लगती हैं, जिसके कारण टू लेन सड़क सिंगल लेन रह गयी है. लेकिन प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जाता है. सड़क पर दुकान लगानेवाले इस कदर बेफिक्र रहते हैं कि उन्हें नियम-कानून का कोई भय नहीं रहता है. वे सड़क पर दुकान लगा कर अपनी कमाई करने में जुटे रहते हैं.
सड़क पर मनमाने तरीके से खड़े किये जाते हैं वाहन : शहर से होकर गुजरनेवाले राष्ट्रीय राजमार्ग 83 पर कई स्थानों पर मनमाने तरीके से अवैध पार्किंग की जाती है तथा जिसकी जहां मरजी अपनी गाड़ी खड़ा कर देते हैं. वाहनों के आड़े-तिरछे खडे कर देने के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. विशेष रूप से काको मोड़, अरवल मोड़, अस्पताल मोड़ का इलाका दिन भर जाम की समस्या से जूझता रहता है.
सरेराह चढाये-उतारे जाते हैं यात्री : वाहन चालकों द्वारा सरेराह यात्रियों को चढ़ाया-उतारा जाता है. इससे अक्सर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. विशेष रूप से ऑटोचालकों द्वारा बीच सड़क पर ही यात्रियों को चढ़ाया-उतारा जाता है. जिसके कारण सड़क पर यातायात अवरुद्ध रहता है.
क्या कहते हैं अधिकारी
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा. ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर उनसे जुर्माने की वसूली की जायेगी. साथ ही सड़क पर रखी निर्माण सामग्री को भी जब्त किया जायेगा.
डाॅ नवल किशोर चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी
