डेंगू का डंक. डेंगू का मरीज मिला, अस्पताल प्रशासन ने िचकित्सा पदािधकारी को िकया हाइ अलर्ट
जहानाबाद नगर : जिले में डेंगू ने पांव पसारना आरंभ कर दिया है. अब तक डेंगू का एक मरीज सामने आया है जिसे विशेष इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. डेंगू पीड़ित मरीज शकुराबाद थाना क्षेत्र के सावन बिगहा का रहने वाला आदर्श कुमार है. जिले में डेंगू मरीज मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन काफी सजग हो गया है. डेंगू मरीज के मिलने से इस रोग को लेकर अस्पताल प्रशासन द्वारा हाइ अलर्ट कर दिया गया है. सभी चिकित्सा पदाधिकारी को हाइ अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है. साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे किसी भी मरीज का पता लगने या सूचना मिलने पर इस संबंध में तत्काल अस्पताल प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया है.
क्या है डेंगू : संक्रमित मादा एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलती है यह ब्रेन बोन फीवर के नाम से भी जाना जाता है. इसके लक्षण मच्छर के काटने से चार से दस दिन के बाद दिखने लगता है. माॅनसून के समय में यह बीमारी मुख्य रूप से फैलती है. तथा इससे प्रतिवर्ष 500 से अधिक लोगों की मौत होती है.
डेंगू जांच की व्यवस्था : जिले के सदर अस्पताल में डेंगू जांच की व्यवस्था है. डेंगू जांच के लिए जिस किट की आवश्यकता होती है उस किट को मंगा कर रखा गया है संभावित मरीजों में डेंगू की पुष्टि के लिए जांच करायी जाती है. जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी डेंगू जांच के किट भेजने का निर्देश दिया गया है.
अस्पताल में नहीं है दवा : जिले के सरकारी अस्पतालों में डेंगू की कोई दवा उपलब्ध नहीं है. ऐसे में यहां आने वाले रोगियों का इलाज संभव नहीं दिखता है. हालांकि सदर अस्पताल में डेंगू का एक आइसोलेटेड वार्ड बनाया गया है. फिर भी डेंगू के संभावित रोगियों को इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया जाता है.
संभावित इलाके में करायी जा रही है फॉगिंग : जिले में डेंगू के दस्तक के बाद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. डेंगू के संभावित इलाके में फॉगिंग कराया जा रहा है साथ ही डीडीटी का छिड़काव भी कराया जा रहा है. अस्पताल प्रशासन द्वारा वैसे इलाके में प्राथमिकता के आधार पर छिड़काव कराया जा रहा है जहां से डेंगू के मरीज मिलने की संभावना है.
डेंगू के लक्षण
तेज बुखार आना
गंभीर सिर दर्द होना
आंखों के पीछे दर्द होना
मिचली व उलटी होना
ग्रंथियों मे सूजन होना
मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना
त्वचा पर चकत्ते पड़ना
बचाव के उपाय
एडीज एजिप्टी मच्छर ज्यादातर दिन में काटते हैं और खाली पड़े डब्बो और गंदी जगहों पर पैदा होता है
पानी का जमाव नहीं होने देना
फुलदान व गमला आदि में पानी जमा नहीं होने देना
भरे पानी के बरतन को हमेशा उल्टा करके रखना
दिन व रात में मच्छर नाशक का प्रयोग करना
घर और दरवाजे पर जाली लगाकर रखना
हमेशा मच्छरदानी का प्रयोग करना, कुलर के पानी के ट्रे की नियमित रूप से साफ -सफाई करना
कचरे के डिब्बों को हमेशा ढककर रखना
डेंगू की जांच की व्यवस्था है
सदर अस्पताल में डेंगू के इलाज की व्यवस्था है. डेंगू की जांच की भी व्यवस्था है. मरीजों के लिए आइसोलेटेड वार्ड भी बनाया गया है. साथ ही सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे डेंगू का मरीज पता लगते ही इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दें
डाॅ. बीके झा, अस्पताल उपाधीक्षक
जलजमाव वाले इलाके में साफ-सफाई कराया जा रहा है. पाउडर का छिड़काव भी कराया जा रहा है. विशेष रूप से वैसे इलाके में सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जहां बाढ़ का पानी लगा था
संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद
जिले में डेंगू के संभावित इलाके में फॉगिंग तथा डीडीटी का छिड़काव कराया जा रहा है. नप प्रशासन को भी विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है
मनोज कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी
