जहानाबाद : शहर के निजामुदिनपुर मुहल्ले में रहने वाली एक नाबालिग लड़की का शादी की नीयत से अपहरण कर लिये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में लड़की के पिता के बयान पर नगर थाने में एफआइआर दर्ज करायी गयी है. जिसमें रामगढ़ मुहल्ले के निवासी कल्लु दास नामक युवक को आरोपित बनाया गया है.
मामला दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल शुरू कर दी है. अपहृत लड़की की बरामदगी और आरोपित युवक को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. दर्ज प्राथमिकी में लड़की के पिता ने आरोप लगाया है कि 04 सितम्बर को ग्यारह बजे रात में उसकी नाबालिग बेटी घर से गायब थी. काफी खोजबीन की गयी लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. यह भी कहा गया है कि छह सितंबर को उसकी मंझली बेटी के मोबाइल फोन पर धमकी आयी.
पुलिस में मामला नहीं दर्ज कराने की धमकी मोबाइल फोन से दी गयी थी. प्राथमिकी के सूचक का कहना है कि उसके बेटे के साथ रामगढ़ निवासी कल्लु दास घूम घूमकर आइस्क्रीम बेचता था और उसके घर पर भी आता था. उन्होंने आरोप लगाया है कि कल्लु दास ने शादी की नीयत से उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर ले भागा है.
