उचकागांव : दुबई की एक कंपनी के कैंप से करीब 10 दिनों पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता एक युवक का शव वहीं एक नाले से बरामद किया गया. मृतक उचकागांव थाना क्षेत्र की परसौनी खास दलित बस्ती गांव निवासी जयराम मांझी का 24 वर्षीय पुत्र अमरजीत मांझी था.
वह वर्षों पहले से दुबई में रहकर जिंको दुबई एलएलसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में सरिया फिटर का काम करता था. वहां से छुट्टी पर घर आने के बाद फिर तीन माह पहले ही दुबई गया था. बीते 20 सितंबर से वह अपनी कंपनी के कैंप से लापता था.
पिता की मानें, तो 22 सितंबर की शाम को अमरजीत ने घर पर फोन कर सभी लोगों से बात की थी. उसने किसी भी तरह की अनहोनी की चर्चा नहीं की थी. उसके बाद फिर कभी उसका घर वालों से संपर्क नहीं हो रहा था. इधर, कंपनी 20 सितंबर से ही उसकी खोज कर रही थी.
इसी तलाश के दौरान 27 सितंबर को उसका शव कंपनी के मजदूरों के रहने के लिए बनाये गये कैंप से तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक नाले से बरामद किया गया. इसके बाद दुबई पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले में जांच-पड़ताल कर रही है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया.
मां बासमती देवी, पिता, भाई जितेंद्र मांझी, वीरबल मांझी, मंगल कुमार, बहन मालावती देवी सहित पूरे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां व पिता अपने कमाऊ जवान बेटे के खोने को लेकर सदमे में हैं. परिजन उसके शव के अंतिम दर्शन करने के लिए परेशान हैं. दुबई पुलिस की जांच-पड़ताल की प्रक्रिया के कारण शव के विलंब से स्वदेश लाने जाने की उम्मीद जतायी जा रही है.
