जहानाबाद नगर : पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद रेलवे स्टेशन के समीप ऊंटा-मदारपुर के पास ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गयी. मृतक मानपुर गया का रहने वाला आदर्श साहू (25 वर्ष) बताया जाता है.
शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया. इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार भारती ने बताया कि बुधवार की देर रात करीब एक बजे यात्रियों ने उन्हें सूचना दी कि ऊंटा-मदारपुर के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक गिरा हुआ है.
जीआरपी द्वारा उक्त युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के क्रम में ही युवक की मौत हो गयी. उस समय तक युवक की पहचान नहीं हो सका था. अज्ञात के रूप में ही सदर अस्पताल में उसका इलाज हुआ.
युवक की मौत के बाद जीआरपी ने इस संबंध में जानकारी एकत्रित की गयी. तब युवक की पहचान मानपुर गया का रहने वाला हुआ. जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया है. बताया जाता है कि उक्त युवक किसी ट्रेन पर सवार होकर पटना की ओर जा रहा था. रास्ते में ऊंटा-मदारपुर के समीप ट्रेन से गिर जाने के कारण गंभीर चोटें लगने से उसकी मौत हो गयी.
