रतनी : शकुराबाद- घेजन मुख्य मार्ग स्थित शकुराबाद थाना क्षेत्र के कनकट बिगहा गांव के समीप पेड़ की टहनी टूटकर गिरने से एक अधेड़ की मौत हो गयी. मृतक सलेमपुर गांव निवासी 45 वर्षीय निरंजन कुमार उर्फ शर्मा जी बताया जाता है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि उक्त निरंजन अपने गांव से प्रत्याशी अरुण कुमार के जनसंपर्क अभियान में मोटरसाइकिल से नौगढ़ गांव आ रहा था.
इसी बीच प्रत्याशी की गाड़ी गुलाबगंज बाजार में रुक गयी तो उक्त निरंजन कनकट बिगहा गांव के समीप बरगद के पेड़ के छांव में रुक गया. वहां पर नौगढ़ गांव के भी कुछ लोग बैठे हुए थे, जिनसे निरंजन बात कर रहा था.
इसी दौरान अचानक पेड़ की एक टहनी टूटकर निरंजन के शरीर पर गिर गयी, जहां वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकुराबाद लाया गया, जहां से आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद रेफर कर दिया गया.
हालांकि हेड इंजुरी होने के कारण जहानाबाद से भी प्राथमिक उपचार के बाद विशेष इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. निजी क्लिनिक में उसे भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया.
इधर टहनी गिरने से घेजन गांव निवासी आभाष कुमार को भी हल्की चोटें आयी हैं, जिसका इलाज शकुराबाद में कराया गया. वहीं इस दुर्घटना में दो-तीन मोटरसाइकिलें भी टहनी की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गयीं. टहनी गिरने से शकुराबाद घेजन मुख्य मार्ग घंटों जाम लग गया. हालांकि जेसीबी से टहनी को हटाया गया और वाहन का परिचालन शुरू कराया गया.
