पांच घंटे रहा महाजाम, परेशान हुआ अवाम

जहानाबाद : बुधवार को पूरे दिन शहर में जाम की समस्या विकराल हो गयी. पांच घंटे तक शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर कमोबेश जाम की स्थिति देखने को मिली. सुबह 7 बजे से लेकर 12 बजे तक पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही. राजाबाजार से लेकर अरवल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ और काको […]

जहानाबाद : बुधवार को पूरे दिन शहर में जाम की समस्या विकराल हो गयी. पांच घंटे तक शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर कमोबेश जाम की स्थिति देखने को मिली. सुबह 7 बजे से लेकर 12 बजे तक पूरे शहर में जाम की स्थिति बनी रही.

राजाबाजार से लेकर अरवल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ और काको मोड़ पूरी तरह सड़क जाम की जद में जकड़ा रहा, जहां वाहन से गुजर रहे यात्रियों की खूब फजीहत हुई. वाहन दिन भर रेंगेते रहे. आने वाले दिनों में यह जाम और बड़ी परेशानी बन सकता है. लोग सिस्टम से हटकर चलने के आदी हो गये हैं.
राजाबाजार अंडरपास के नीचे जाम लगते ही अरवल मोड़ पर ट्रैफिक की व्यवस्था स्वत: ध्वस्त हो जाती है. वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह विराम लग जाता है, जिसके कारण अरवल मोड़ से लेकर शिवशंकर सिनेमा हॉल और दक्षिण में आंबेडकर चौक तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही.
वहीं रेलवे पुल से पूरब में अरवल मोड़ तथा पश्चिम में भागीरथ बिगहा तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. जाम इतना भयावह था कि लोग सड़क जाम से निकलने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेते दिखे, लेकिन वाहनों की लंबी फेहरिस्त के कारण इन रास्तों पर भी यात्रियों को बदकिस्मती ही हाथ लगी. यहां भी लंबा जाम लगा था.
परीक्षार्थी रहे परेशान: शहर में सीबीएसइ 10वीं का परीक्षा चल रही है. सभी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर जाने के लिए समय पर निकले, लेकिन जाम में फंसे रहने के कारण उन्हें केंद्र तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ी.
बच्चे जाम के कारण सुबह 8:30 बजे ही घर से निकल पड़े थे, लेकिन उन्हें महज 3 किलोमीटर की दूरी तय करने में घंटों वक्त बर्बाद करना पड़ा. कुछ तो वाहनों को छोड़ पैदल ही राह नापकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचे.
परेशान रही ट्रैफिक पुलिस: शहर में लगे जाम के कारण ट्रैफिक पुलिस दिन भर परेशान रही. अरवल मोड़, रेलवे पुल एवं दरधा पुल से जाम हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस दिन भर मशक्कत करती रही.
पुलिस एक ओर से जाम हटा रही थी तो दूसरी ओर पुन: जाम लग रहा था. बाद में ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने एक-एक कर वाहनों को निकलवाया, तब जाकर पांच घंटे बाद रेलवे पुल, अरवल मोड़ एवं दरधा पुल से जाम हट सका.
ट्रकचालकों की मनमानी एवं लग्न जाम का कारण
ट्रक चालकों की मनमानी भी जाम का बड़ा कारण है. नो इंट्री के बावजूद कई बड़ी गाड़ियां पटना से गया की ओर इसी रूट पर राह नापने निकल पड़ती हैं. लोग तो यहां तक कहते हैं कि ये ट्रक वाले अपनी मर्जी से नहीं बल्कि कुछ ट्रैफिक पुलिस वालों के इशारे पर ही आगे बढ़ते हैं.
जिनसे मोटी रकम भी वसूली जाती है. वहीं दूसरी तरफ लग्न के कारण दूल्हे और बरातियों की गाड़ियां जहां-तहां रुककर सामानों की खरीदारी करते रहती हैं. इसके कारण भी जाम लग जाता है.
क्या बोले पदाधिकारी
नो इंट्री जोन में प्रवेश करने वाले वाहनों की धर-पकड़ तेज की जायेगी. साथ ही परिवहन विभाग काको मोड़ के समीप खड़े ट्रैफिक पुलिस के जवानों को निर्देशित भी करेगा कि वे लोग वाहनों को समय अवधि के बाद शहर में नहीं घुसने दें. इन वाहनों की निकासी के लिए रूट तय है. वे उसी रूट से अपने वाहनों को ले जाएं, अन्यथा वैसे वाहनों से जुर्माना वसूला जायेगा.
धीरेंद्र कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जहानाबाद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >