ट्रेनों में अब महिला यात्रियों से छेड़छाड़ करने वालों की खैर नहीं
जहानाबाद नगर : ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार व छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देने वालों का बुरा दिन आ गया है. ऐसे लोगों से अब आरपीएफ की महिला बटालियन दुर्गावाहिनी निबटेगी. अत्याधुनिक हथियारों से लैस दुर्गावाहिनी ट्रेनों में यात्रा करेगी तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों को […]
जहानाबाद नगर : ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार व छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देने वालों का बुरा दिन आ गया है. ऐसे लोगों से अब आरपीएफ की महिला बटालियन दुर्गावाहिनी निबटेगी. अत्याधुनिक हथियारों से लैस दुर्गावाहिनी ट्रेनों में यात्रा करेगी तथा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों को सबक सिखायेगी.
इसकी शुरुआत आरपीएफ ने पटना-गया रेलखंड पर चलनेवाली मेमू ट्रेन से की है. दुर्गावाहिनी की चार महिला जवान ट्रेनों में सफर करने लगी हैं. शीघ्र ही अन्य ट्रेनों में इसकी व्यवस्था करायी जायेगी. आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन ने बताया कि इसकी शुरुआत सोमवार को ही कर दी गयी. फिलहाल आरपीएफ की महिला बटालियन दुर्गावाहिनी की चार महिला सुरक्षाकर्मी पटना से तारेगना तक ट्रेनों में सफर कर रही हैं.
तारेगना से आगे भी वे सफर करेंगी. हालांकि इसके लिए संबंधित आरपीएफ थानों को डिमांड करनी होगी. उन्होंने बताया कि महिला यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार की बढ़ती घटना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. शीघ्र ही अन्य ट्रेनों में भी महिला सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जायेगा.
पीजी रेलखंड की ट्रेनों में तैनात की गयीं दुर्गावाहिनी की चार जवान
इस वर्ष महिला बोगी से 220 पुरुष यात्री धराये
पटना-गया रेलखंड के जहानाबाद आरपीएफ द्वारा जनवरी-जुलाई माह तक 220 यात्रियों को महिला बोगी में यात्रा करते पकड़ा गया है. इन यात्रियों को पकड़कर रेलवे कोर्ट गया या पटना भेजा गया, जहां जुर्माने की वसूली की गयी. आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि उनके थाने में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार करने का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है. ऐसे अधिकांश मामले ट्रेनों में सीट को लेकर होते हैं. सीट के लिए यात्री आपस में झगड़ते हैं. इसके बाद महिलाओं द्वारा शिकायत की जाती है, लेकिन उनके थाने में अब तक कोई मामला इस तरह का नहीं आया है. इसके बावजूद आरपीएफ पूरी सक्रियता के साथ ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है.