परसबिगहा थाने के नदपुरा गांव में चलीं ईंट और लाठियां
परसबिगहा थाना क्षेत्र के नदपुरा गांव में सोमवार को छात्रा के साथ छेड़खानी किये जाने को लेकर गांव के ही दो गुटों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें ईंट-पत्थर और लाठी से प्रहार किये जाने की घटना में दोनों गुट के 13 लोग घायल हो गये. घायलों में एक महिला भी शामिल है.
घटना से कुछ देर के लिए उक्त गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. मारपीट की घटना में एक पक्ष के रंजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सुखलु यादव, रिंकू कुमार, गोलू कुमार, रामाधार यादव, जितेंद्र यादवऔर वकील सिंह, जबकि दूसरे गुट के जगेश्वर पासवान, जय कुमार पासवान, सचिन कुमार, हरेंद्र पासवान , वेदमिया देवी शामिल हैं.
घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. छात्रा से छेड़खानी किये जाने के संबंध में लड़की के चाचा राकेश कुमार ने बताया कि उनकी भतीजी सातवें क्लास में पढ़ती है. यह भी बताया कि भाई मुकेश कुमार की नाबालिग पुत्री कोचिंग में पढ़ने के लिए सुबह में झुनाठी जा रही थी. इस दौरान गांव के ही निवासी अभिषेक पासवान, राजीव कुमार और सचिन पासवान ने छेड़खानी किया, अश्लील हरकतें की. छात्रा उस समय पढ़ने चली गयी थी.
उसके चाचा समीप में ही खेत में काम कर रहे थे. मनचलों की हरकत को देखकर और अपनी भतीजी द्वारा दी गयी जानकारी के बाद वे लोग चेताने के उद्देश्य से आरोपित अभिषेक के घर पर गये थे. बात बढ़ जाने पर मारपीट शुरू हो गयी. बताया गया है कि आरोपितों ने ईंट-पत्थर और लाठी से मारकर उनके पक्ष के आठ लोगों को घायल कर दिया
उधर दूसरे पक्ष के महिला समेत उक्त पांच लोग घायल हो गये. ग्रामीणों की माने तो इस दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक पक्ष द्वारा तीन राउंड हवाई फायर भी किया गया, लेकिन पुलिस गोलीबारी की घटना से इन्कार कर रही है. कुछ ग्रामीणों के अनुसार मंदिर को लेकर भी पुराना विवाद था. इसके लिए भी दोनों पक्षों में पूर्व से तनाव था.
फिलहाल पूरे मामले की पुलिस तहकीकात कर रही है. थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि उक्त गांव में मारपीट की घटना हुई है. लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किये जाने का मामला सामने आया है. घायलों का बयान लेने के लिए पुलिस सदर अस्पताल में गयी है.
