प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कल

जहानाबाद नगर : जिले में पांच पदों के लिए पंचायत उपचुनाव रविवार को संपन्न हुआ. सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोट डाले गये. 42 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ. 25 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गयी है. परिणाम मंगलवार को आयेगा. पहली बार ईवीएम से […]

जहानाबाद नगर : जिले में पांच पदों के लिए पंचायत उपचुनाव रविवार को संपन्न हुआ. सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोट डाले गये. 42 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ. 25 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गयी है.
परिणाम मंगलवार को आयेगा. पहली बार ईवीएम से हुए पंचायत उपचुनाव में कहीं से भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. जिले के हुलासगंज प्रखंड के बौरी पंचायत में मुखिया पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे. यहां 12 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण वोट डाले गये. 50.14 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया यानी 3125 मतदाताओं ने अपने वोट डाले. वहीं तीर्रा पंचायत में सरपंच पद के लिए पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हुए थे.
यहां 15 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गये. 33.42 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले यानी 2546 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि मुरगांव पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. यहां एक मतदान केंद्र पर वोटिंग हुआ. 63.33 प्रतिशत मतदाताओं यानी 418 ने वार्ड सदस्य चुनने के लिए वोटिंग में भाग लिया. मोदनगंज प्रखंड की साइस्ताबाद पंचायत में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. यहां 13 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गये.
36.8 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया यानी 2446 मतदाताओं ने वोट डाले. इनमें 41.1 प्रतिशत पुरुष तथा 32.3 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं.
वहीं काको प्रखंड के डेढ़सैया पंचायत में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए दो प्रत्याशियों के लिए 66 प्रतिशत यानी 291 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 42 मतदान केंद्रों पर 42 मतदान दलों का गठन किया गया था, जबकि 16 गश्ती दल, दो पर्यवेक्षक और दो सेक्टर दंडाधिकारी दलों को उपचुनाव में लगाया गया था. ईवीएम संग्रहण के लिए 16 टीमों को प्रतिनियुक्त किया गया था. वोटिंग के बाद ईवीएम संग्रह दल ने सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम को संग्रहित कर प्रखंड मुख्यालय पहुंचाया.
पंचायत उपचुनाव के लिए जिला प्रशासन ने दो पर्यवेक्षक भी नियुक्त किये थे, जिनमें एडीएम रमेश चंद्र झा को हुलासगंज और राज्य खाद निगम के जिला प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद को मोदनगंज प्रखंड की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. वहीं, 16 गश्ती दल दंडाधिकारियों को लगाया गया था. सभी गश्ती दलों को तीन मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी. जिला पंचायती राज पदाधिकारी महफूज आलम ने बताया कि मोदनगंज प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 80 एवं 85 और हुलासगंज प्रखंड के 60, 72 एवं 83 मतदान केंद्रों पर ईवीएम रिप्लेस किया गया.
प्रखंड मुख्यालय पर होगी मतगणना : पंचायत उपचुनाव में विभिन्न पदों के लिए 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मुखिया पद के लिए 5, सरपंच पद के लिए 5, पंसस के लिए 5 तथा दो वार्ड सदस्य के लिए 10 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वोटिंग से पूर्व तक सभी ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का हर संभव प्रयास किया.
अब मतगणना के बाद ही यह पता चलेगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी को अपना चहेता बनाया. 10 जुलाई को वोटों की गिनती होगी. इसके लिए संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में मतगणना केंद्र बनाये गये हैं, जहां वोटों की गिनती के बाद चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे.
डीएम-एसपी सुरक्षा व्यवस्था का लेते रहे जायजा : पंचायत उपचुनाव को शांतिपूर्ण एवं भय रहित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुश्तैद था.
स्वयं डीएम आलोक रंजन घोष, एसपी मनीष एवं एसडीओ परितोष कुमार मतदान केंद्रों पर घूम-घूम कर शांति व्यवस्था एवं निष्पक्ष चुनाव का जायजा लेते रहे. पदाधिकारियों ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पंचायत उपचुनाव पर नजर रखने के लिए जिला पंचायती राज कार्यालय में नियंत्रण कक्ष की भी स्थापना की गयी थी, जहां से चुनाव के प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >