Jehanabad News : जहानाबाद जिले के काको थाना क्षेत्र के धरहरा गांव स्थित सूर्य मंदिर के तालाब में नहाने के दौरान डूबने से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान धरहरा गांव निवासी नंदु यादव के पुत्र सौरभ कुमार (10) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा
जानकारी के अनुसार, सौरभ कुमार रविवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ सूर्य मंदिर परिसर स्थित तालाब में नहाने गया था. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला.
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने गंभीर हालत में सौरभ को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर काको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जहानाबाद भेज दिया.
तालाबों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने और बच्चों को गहरे पानी में नहाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है. स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से भी बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
