जहानाबाद में बंद घर से 7 लाख की चोरी, ताला तोड़कर जेवर और कीमती सामान ले उड़े चोर

Jehanabad News: जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के लखावर गांव में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भय का माहौल है.

जहानाबाद घोसी से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

Jehanabad News: जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के लखावर गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत छह से सात लाख रुपये बताई जा रही है.

दिल्ली में नौकरी कर रहे हैं गृहस्वामी

जानकारी के अनुसार लखावर गांव निवासी सतीश यादव उर्फ गुड्डू कुमार पिछले करीब एक माह से दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में काम कर रहे हैं. घर बंद होने के कारण परिवार का कोई सदस्य गांव में मौजूद नहीं था. बताया गया कि वे केवल शादी-विवाह या अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के दौरान ही गांव आते हैं.

टूटा ताला देखकर ग्रामीणों को हुआ शक

गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए निकले तो उनकी नजर घर के मुख्य गेट पर पड़ी. ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई. सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घर के अंदर देखा तो सभी कमरे अस्त-व्यस्त थे और सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल घोसी थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच, चोरों की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है.

गृहस्वामी के आने के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी

पुलिस ने बताया कि गृहस्वामी के दिल्ली से गांव लौटने के बाद उनके आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. चोरी गए सामान का विस्तृत विवरण मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. इधर, लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. लोगों ने रात्रि गश्ती और पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Karunatiwari

Published by: Karuna Tiwari

करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >