बरहट . प्रखंड के बीआरसी भवन में मंगलवार को सभी शिक्षा सेवकों का प्रखंड स्तरीय उन्मुखीकरण एवं बच्चों के नामांकन व ठहराव के लिए बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में समग्र सेवा की भूमिका पर विशेष चर्चा की गयी. बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुधांशु कुमार मौजूद थे. उन्होंने विद्यालय में शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति पर जोर दिया तथा सभी शिक्षा सेवकों को हर एक गांव में एक वालंटियर तैयार करने को कहा. उन्होंने कहा कि शिक्षा सेवक स्कूल के समय घर घर घूमकर सिटी बजाकर सभी बच्चों को विद्यालय के लिए तैयार करेंगे एवं सभी बच्चों का विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे. प्रखंड सचिव सचिव शरीफ मांझी ने मुसहर समुदाय के बच्चों के लिए विद्यालय में उपस्थिति एवं ठहराव को लेकर बात की. उन्होंने सभी शिक्षा सेवकों को बच्चों के विद्यालय में ठहराव सुनिश्चित करने पर जोर दिया. संस्था सचिव मकेश्वर रावत ने बताया कि आज भी बहुत से ऐसे गांव है जहां वर्ग 6 तक भी बच्चों का पहुंच पाना मुश्किल है. बहुत सारे परिवार ऐसे हैं जो पलायन कर चले गये जिसके कारण उनके बच्चों का विद्यालय से ड्रॉप आउट कर दिया गया. शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा के लिए नामांकन विद्यालय में अनिवार्य है .इसको लेकर एक बड़ी पहल करने की आवश्यकता है ताकि नीचे पायदान के लोग शिक्षा के मूल अधिकार से वंचित न हों.वहीं समग्र सेवा के सौरभ कुमार ने कहा कि सभी शिक्षा सेवक अपने कार्य क्षेत्र में सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि पिछड़े समाज के लोग भी अपने जीवन को बेहतर कर सकें.इस बैठक मे प्रखंड के कुल 45 शिक्षा सेवक सहित समग्र सेवा के लोगों ने भाग लिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
