99वीं जयंती पर याद किए गए पूर्व विधायक स्व. नरदेव प्रसाद भगत, समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

जमुई में पूर्व विधायक स्व. नरदेव प्रसाद भगत की 99वीं जयंती पर गणमान्य लोगों ने समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

जमुई विधानसभा के पूर्व विधायक सह सरस्वती अर्जुन एकलव्य महाविद्यालय के संस्थापक स्व. नरदेव प्रसाद भगत की 99वीं जयंती गुरुवार को शहर स्थित सरस्वती अर्जुन एकलव्य महाविद्यालय परिसर में समारोहपूर्वक मनायी गयी. इस अवसर पर जिले के राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा और समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. साथ ही उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया.

समारोह में स्व. नरदेव प्रसाद भगत के पुत्र सह भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रकाश कुमार भगत, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय सहित बड़ी संख्या में लोगों ने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किये. उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. भगत ने राजनीति को समाजसेवा का माध्यम बनाया और वंचित, गरीब, दलित, पिछड़े एवं शोषित वर्गों के उत्थान को अपनी राजनीतिक यात्रा का प्रमुख उद्देश्य बनाया.

पूर्व विधायक के समाधी स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करते गणमान्य | Prabhat Khabar Network

जनसंघ से भाजपा तक संगठन को मजबूत बनाने में अहम भूमिका

वक्ताओं ने कहा कि स्व. नरदेव प्रसाद भगत ने भारतीय जनसंघ के माध्यम से जमुई में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी. वे जिले में भारतीय जनसंघ के पहले और मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित हुए. बाद में भारतीय जनता पार्टी के विस्तार और संगठन को मजबूत बनाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा.

वक्ताओं ने कहा कि जमुई में जनसंघ से लेकर भाजपा तक संगठन को मजबूत आधार देने वाले प्रमुख नेताओं में स्व. नरदेव प्रसाद भगत का नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा. उनकी राजनीति केवल सत्ता और चुनाव तक सीमित नहीं थी. वे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मान एवं अवसर दिलाने के पक्षधर थे. गरीबों, दलितों, पिछड़ों और शोषित वर्गों के अधिकार एवं उत्थान के लिए उन्होंने लगातार आवाज उठायी.

शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की आज भी दिख रही मिसाल

जयंती समारोह में स्व. नरदेव प्रसाद भगत के शैक्षणिक योगदान को भी प्रमुखता से याद किया गया. वक्ताओं ने कहा कि स्व. भगत का शिक्षा के प्रति विशेष लगाव था. इसी सोच का परिणाम सरस्वती अर्जुन एकलव्य महाविद्यालय के रूप में सामने आया, जो आज जमुई ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा का अवसर प्रदान कर रहा है.

वक्ताओं ने कहा कि स्व. भगत ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम माना था. उनके द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान आज उनके शिक्षा के प्रति समर्पण और दूरदर्शी सोच की जीवंत मिसाल है. समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को उनके राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक सरोकार और शिक्षा के क्षेत्र में किये गये योगदान से प्रेरणा लेनी चाहिए.

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्व. नरदेव प्रसाद भगत के पुत्र सह भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रकाश कुमार भगत, मुकेश कुमार भगत, अभय कुमार भगत, प्रणव कुमार भगत के अलावा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भास्कर सिंह, ई. शंभू शरण, भाजपा नेता निर्मल सिंह, सोनेलाल पासवान, विनय कुमार पांडेय, लोजपा नेता राहुल भवेश, भाजपा नेता परमेश्वर यादव, हिमांशु सिंह, अंकित केशरी, मुरारी झा, कार्तिक वर्मा, रंजीत सिन्हा, कुंज बिहारी बंका, चंद्रकांत भगत, मनोज बरनवाल, पप्पू सिंह, प्रो. रामानंद भगत सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >