मौरा बालू घाट की जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं

मौरा बालू घाट के ब्लॉक-11 में अवैध रूप से बालू उत्खनन के खिलाफ किसानों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही.

अवैध खनन के खिलाफ किसानों का धरना पांचवें दिन भी जारी गिद्धौर. मौरा बालू घाट के ब्लॉक-11 में अवैध रूप से बालू उत्खनन के खिलाफ किसानों द्वारा शुरू किया गया अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही. किसान अपनी चार सूत्री मांगों को लेकर दिन-रात धरना स्थल पर डटे हुए हैं, लेकिन अब तक किसी भी जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा धरनार्थियों से वार्ता नहीं किये जाने से जिला प्रशासन की संवेदनहीनता उजागर हो रही है. धरना का नेतृत्व कर रहे भाकपा (माले) के युवा नेता बाबू साहब सिंह ने कहा कि किसानों के आंदोलन के बाद जिला अपर समाहर्ता, एसडीओ, खनन पदाधिकारी व लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा मौरा बालू घाट की जांच की गयी थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गयी है. यह स्थिति संदेह को जन्म देती है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में तत्कालीन उपसमाहर्ता, जमुई द्वारा मौरा बालू घाट को रद्द करने की अनुशंसा की गयी थी, जो अब जिला प्रशासन के लिए गले की फांस बनती जा रही है. साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से पत्रांक 419 को लेकर जनता के बीच स्पष्ट स्थिति रखने की मांग की. धरना स्थल पर किसानों की तबीयत भी बिगड़ रही है, बावजूद इसके वे अपनी मांगों पर अडिग हैं. अनिश्चितकालीन धरना को समर्थन देने झाझा विधानसभा के राजद के पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री और जिले के वरीय अधिकारियों को स्वयं धरना स्थल पर आकर किसानों की समस्याओं को सुनना चाहिए. उन्होंने अवैध रूप से चल रहे बालू खनन पर तत्काल रोक लगाने और बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि किसानों को न्याय मिल सके. धरना स्थल पर शैलेंद्र सिंह, अनिल रावत, अवधेश सिंह, सरवन यादव, सचित रावत, विक्रम यादव, गिरीश झा, अजय सिंह, अमित कुमार सिंह, सचितानंद मिश्रा सहित दर्जनों किसान उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >