रेणुका गैस एजेंसी में नहीं हो रहा नियमों का पालन, डीएम को सौंपी रिपोर्ट

जिला पदाधिकारी श्री नवीन के विशेष निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार ने सोमवार को सिकंदरा स्थित रेणुका गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया.

जमुई. जिले में गैस एजेंसियों की मनमानी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जिला पदाधिकारी श्री नवीन के विशेष निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव कुमार ने सोमवार को सिकंदरा स्थित रेणुका गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान व्यवस्था अत्यंत असंतोषजनक पायी गयी और नियमों के अनुपालन में कई अनियमितताएं सामने आयीं. मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से मिली शिकायतों और प्रत्यक्ष रूप से दिखी अव्यवस्था के आधार पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए विस्तृत जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी एवं संबंधित तेल विपणन कंपनी को भेज दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को 07 अप्रैल 2026 को अद्यतन प्रतिवेदन के साथ व्यक्तिगत रूप से कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है, ताकि पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट की जा सके. डीएम ने जिले की सभी गैस एजेंसियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि मांग के अनुरूप पर्याप्त संख्या में सिलिंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को घर तक गैस की डिलीवरी देना अनिवार्य है और इसमें कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस तरह की अव्यवस्था में शामिल सभी दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा कालाबाजारी और बिचौलियों पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >