अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के धक्के से पांच वर्षीय बच्ची की मौत, सड़क जाम

सदर प्रखंड क्षेत्र के मंझवे गांव में सोमवार को तेज रफ्तार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रही पांच वर्षीय बच्ची सालेहा खातून को कुचल दिया.

जमुई. सदर प्रखंड क्षेत्र के मंझवे गांव में सोमवार को तेज रफ्तार अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने सड़क पार कर रही पांच वर्षीय बच्ची सालेहा खातून को कुचल दिया. इस हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया. घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर दिन-रात तेज रफ्तार से गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई सख्ती नहीं बरतता. इसी लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बीडीओ, टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, सुन्नी उलेमा बोर्ड के सचिव मौलाना जियाउर रसूल गफारी, मुखिया पंकज यादव व अन्य जनप्रतिनिधियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद प्रशासन के मुआवजा देने, सड़क पर ब्रेकर बनवाने और आरोपित चालक पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. मृतका के पिता मो अफसर आलम ने बताया कि अवैध बालू ढोने वाले ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार ने उनकी बेटी की जान ले ली. उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो यह हादसा नहीं होता.

कहते हैं थानाध्यक्ष –

टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है. फरार ट्रैक्टर और चालक की पहचान कर ली गयी है जल्द ही दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >