चंद्रमंडीह . चकाई प्रखंड में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत चल रहा दूसरे चरण का फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान अब युद्धस्तर पर पहुंच गया है. जिला पदाधिकारी के कड़े निर्देशों के आलोक में रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह सक्रिय दिखे और पंचायतों में चल रहे शिविरों का निरीक्षण किया. 17 से 21 जनवरी तक चलने वाले इस विशेष अभियान की हकीकत जानने के लिए अंचलाधिकारी राजकिशोर साह और राजस्व अधिकारी वेद प्रकाश ने रविवार को माधोपुर पंचायत भवन स्थित शिविर का औचक निरीक्षण किया. यहां बड़ी संख्या में किसान अपना ई-केवाईसी और रजिस्ट्रेशन करवाने पहुंचे थे. निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी राजकिशोर साह ने बताया कि चकाई प्रखंड में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से आच्छादित लगभग 53 हजार किसान हैं. प्रशासन का लक्ष्य इन सभी का सत्यापन और रजिस्ट्रेशन समय पर पूरा करना है. उन्होंने बताया कि अब तक करीब चार हजार किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है. कार्य में तेजी लाने के लिए कई कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है और अधिकारी खुद फील्ड में जाकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं. बताया कि यह महाअभियान 21 जनवरी तक विशेष कैंप मोड में चलेगा. हालांकि इसके बाद भी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी रहेगी लेकिन प्रशासन की कोशिश है कि इस निर्धारित तिथि तक अधिकतम किसानों का काम निपटा लिया जाये, ताकि ससमय सभी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
