जमुई शिक्षक संघ भवन चकाई में बिहार विशिष्ट अध्यापक प्रधान शिक्षक संघ की आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न कोटि के दर्जनों विशिष्ट शिक्षक, अध्यापक एवं प्रधान शिक्षक शामिल हुए. इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया.
सेवा पुस्तिका के पारदर्शी संधारण पर जोर
बैठक में सभी कोटि के शिक्षकों की सेवा पुस्तिका का पारदर्शी तरीके से संधारण कराने, सैकड़ों शिक्षकों की बकाया एरियर राशि का भुगतान कराने तथा कई शिक्षकों के पूर्व माह के बकाया वेतन का भुगतान कराने समेत अन्य समस्याओं पर चर्चा की गयी.
प्रखंड स्तर पर समस्याओं को शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान ने कहा कि प्रखंड स्तर पर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को समेकित कर नए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के संज्ञान में लाया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ लगातार प्रयासरत है. साथ ही, चकाई में संघ की प्रखंड स्तरीय कमेटी का शीघ्र गठन किया जाएगा.
समस्याओं के समाधान के लिए पहल पर बनी सहमति
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने सभी समस्याओं पर सर्वसम्मति से अपनी सहमति जताते हुए इनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया. शिक्षकों ने संघ के माध्यम से समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने और उनके त्वरित समाधान की मांग की.
बैठक में ये शिक्षक रहे मौजूद
मौके पर जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पासवान, तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार, सुरेश चंद्र यादव, बबलू दुबे, नीरज पांडेय, मो. इम्तियाज आलम, रंजीत आजाद, नकुलदेव पासवान, महेश मिश्रा, दिलीप साह, प्रधान शिक्षक पीयूष रंजन, अंजनी कुमार, किशोरी यादव, टिंकू रावत, मो. यूनुस, शैलेन्द्र सिन्हा, कृष्णनंदन दास, नौरंगी दास, सुधीर ठाकुर समेत दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे.
