Degree College: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से सोनो स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन किया. उद्घाटन के साथ ही प्रखंड में उच्च शिक्षा के नए युग की शुरुआत हो गई. अब यहां के विद्यार्थियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. फिलहाल कॉलेज का संचालन पैलवाजन स्थित मॉडल स्कूल भवन से किया जाएगा, जहां पहले ही शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं.
उद्घाटन समारोह में उमड़ी लोगों की भीड़
कॉलेज उद्घाटन को लेकर मॉडल स्कूल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया. समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक, बुद्धिजीवी तथा जदयू, भाजपा और राजद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
Degree College: कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सुंदर रंगोली बनाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया. वहीं स्काउट एंड गाइड की छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से समारोह में उत्साह का माहौल बना दिया. मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अमर कुमार सिंह, प्राचार्य मनोज कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी तथा कॉलेज के लिए भूमि उपलब्ध कराने वाले अजीत सिंह ने फीता काटकर शैक्षणिक सत्र का विधिवत शुभारंभ किया.
कला संकाय के छह विषयों से शुरू हुई पढ़ाई
कॉलेज में फिलहाल कला संकाय के अंतर्गत हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, इतिहास और समाजशास्त्र विषयों की पढ़ाई शुरू की गई है. पहले ही सत्र में 63 छात्र-छात्राओं ने नामांकन कराया है और नियमित कक्षाएं भी शुरू हो चुकी हैं. कॉलेज प्रशासन ने अध्ययन-अध्यापन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं और उपस्करों की व्यवस्था कर दी है.
क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को मिलेगी नई दिशा
समारोह में अंचलाधिकारी निकिता अग्रवाल, बीपीआरओ अमित कुमार, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अरुणदेव राय, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय सोनो के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश मंडल, राजद नेता प्रदीप वर्णवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि राजकीय डिग्री कॉलेज खुलने से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और यह संस्थान सोनो के शैक्षणिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा.
