Jamui, आय से अधिक संपत्ति मामले में झाझा कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर EOU की छापेमारी

- पटना से जमुई तक चार ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज खंगाले गए

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट,

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई ने शनिवार की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए जमुई जिले के झाझा स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई के बाद विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया. जमुई में केकेएम कॉलेज के पास किराये के मकान तथा झाझा स्थित कार्यालय में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्रारंभिक जांच में अभियंता के पास लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 81.5 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है.

बताया गया कि विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त होने के बाद शनिवार सुबह छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई. तलाशी के दौरान टीम द्वारा संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, निवेश संबंधी कागजात तथा अन्य वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों का कहना है कि मामले की प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद तत्काल कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. फिलहाल सभी स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.

इस कार्रवाई को राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है. आर्थिक अपराध इकाई की इस बड़ी कार्रवाई के बाद ग्रामीण कार्य विभाग सहित प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >