बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हुए अभिभावक

संगोष्ठी में दिये गये महत्वपूर्ण सुझाव

जमुई. बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक विकास को लेकर मध्य विद्यालय महादेव सिमरिया में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी हुई. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद् एवं शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर चर्चा की. संगोष्ठी का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नितेश कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सिकंदरा, वर्ल्डबीइंग इंडिया के राज्य स्तरीय प्रतिनिधि पंकज कुमार मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम में विद्यालय प्रधान ने बच्चों के समग्र विकास में मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत “सूखा पौधा” कहानी रही. इस प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार एक पौधे को बढ़ने के लिए पानी और देखभाल की जरूरत होती है, उसी प्रकार बच्चों को भी प्रेम, संवाद, प्रोत्साहन और भावनात्मक सहयोग की आवश्यकता होती है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नितेश कुमार ने कहा कि बच्चों की भावनाओं को समझना और उन्हें सहयोगात्मक माहौल देना अभिभावकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. वर्ल्डबीइंग इंडिया के प्रतिनिधि पंकज कुमार मिश्रा ने अभिभावकों से बच्चों की आपस में तुलना नहीं करने तथा उनकी रुचियों और प्रतिभा को पहचान कर आगे बढ़ाने का आह्वान किया. संगोष्ठी में अभिभावकों को घर पर पढ़ाई के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने, बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने, विद्यालय में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मोबाइल और टीवी के उपयोग पर संतुलित निगरानी रखने के सुझाव दिये गये. इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी भी साझा की गयी. कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों व सहयोगी अभिभावकों को सम्मानित किया गया. धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुई इस संगोष्ठी में सभी प्रतिभागियों ने बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >