Jamui News: सोनो (जमुई). थाना क्षेत्र के चुरहेत गांव स्थित काली मंदिर के समीप सड़क किनारे बिजली का तार काफी नीचे झूल रहा है. इससे हर दिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के सामने दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब कार्रवाई की मांग की है.
सिर्फ छह से साढ़े छह फीट की ऊंचाई पर लटका तार
ग्रामीणों ने बताया कि चुरहेत गांव और काली मंदिर के बीच पुल के समीप बिजली का तार जमीन से लगभग छह से साढ़े छह फीट की ऊंचाई पर लटक रहा है. यह मार्ग गांव का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है.
राहगीरों और श्रद्धालुओं में बना डर
इस रास्ते से रोजाना ग्रामीणों के अलावा काली मंदिर आने वाले श्रद्धालु, छात्र-छात्राएं और दोपहिया वाहन चालक गुजरते हैं. तार के नीचे झूलने से लोगों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग डर के कारण सावधानीपूर्वक रास्ता पार करते हैं.
बरसात में और बढ़ गया खतरा
ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में यह स्थिति और अधिक जोखिम भरी हो जाती है. यदि कोई लंबा वाहन या व्यक्ति झूलते तार की चपेट में आ गया तो बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने कहा कि समय रहते मरम्मत नहीं होने पर जान-माल का नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
बिजली विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग
Jamui News: ग्रामीणों ने बिजली विभाग से झूल रहे तार की जल्द मरम्मत कर उसे निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर लगाने की मांग की है. उनका कहना है कि विभाग को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय पहले ही आवश्यक कदम उठाना चाहिए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
