जमुई में दूर के स्कूल में टैगिंग से भड़के छात्र, खैरा हाई स्कूल चौक पर सड़क जाम

Jamui School Protest: जमुई के खैरा में पीएम श्री योजना के तहत स्कूल टैगिंग को लेकर छात्र-छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. नजदीकी स्कूल की बजाय दूर के विद्यालय में टैग किये जाने से नाराज बच्चों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया.

जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट.

Jamui School Protest: जिले के खैरा प्रखंड में पीएम श्री योजना के तहत स्कूल टैगिंग को लेकर मंगलवार को बड़ा हंगामा देखने को मिला. मध्य विद्यालय खैरा के छात्र-छात्राओं ने खैरा बीआरसी के पास प्रदर्शन करते हुए खैरा हाई स्कूल चौक पर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. छात्रों का आरोप था कि नजदीकी विद्यालय की जगह उन्हें दूर स्थित स्कूल में टैग कर दिया गया है, जिससे पढ़ाई के लिए आने-जाने में भारी परेशानी होगी.

स्कूल टैगिंग को लेकर भड़के छात्र

जानकारी के अनुसार पीएम श्री योजना के तहत खैरा हाई स्कूल और चुआं हाई स्कूल का चयन किया गया है. योजना के तहत अब इन स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी.

इसके लिए आसपास के मध्य विद्यालयों के बच्चों को संबंधित हाई स्कूलों से टैग किया जा रहा है. लेकिन आदर्श मध्य विद्यालय खैरा के बच्चों को नजदीकी खैरा हाई स्कूल की बजाय नवडीहा मध्य विद्यालय से टैग किये जाने पर विवाद खड़ा हो गया.

“सिर्फ 100 मीटर दूर स्कूल छोड़ 2 किलोमीटर क्यों जाएं?”

प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने कहा कि खैरा हाई स्कूल उनके स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर है, जबकि जिस विद्यालय में उन्हें टैग किया गया है उसकी दूरी करीब दो किलोमीटर है.

बच्चों का कहना था कि इतनी दूर रोजाना पढ़ने जाने में परेशानी होगी, खासकर बारिश और गर्मी के मौसम में छात्राओं को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा.

सड़क जाम से थमा यातायात

गुस्साए छात्रों ने करीब आधे घंटे तक खैरा हाई स्कूल चौक के पास मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर जाम समाप्त कराया.

शिक्षा विभाग ने वरीय अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट

पूरे मामले पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेश कुमार ने कहा कि छात्रों की शिकायत से वरीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है.

उन्होंने कहा कि मामले की समीक्षा की जा रही है और उच्च स्तर से जो निर्देश मिलेगा उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जायेगी.

Also Read: विभाग बदल सकता है, लेकिन मेरा संकल्प नहीं… बिहार के मंत्री बोले- अब सिर्फ विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हूं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >