जमुई जिले के कचहरी चौक के पास सावन की दूसरी सोमवारी पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. किऊल नदी से पवित्र जल लेकर पैदल महादेव सिमरिया जा रही 18 वर्षीया एक कांवड़िया युवती तेज रफ्तार ट्रक से अचानक नीचे गिरी लोहे की रॉड की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है.
किऊल नदी से जल लेकर बाबा धनेश्वर नाथ जा रही थी युवती
घायल युवती की पहचान जमुई नगर परिषद क्षेत्र के कल्याणपुर मोहल्ला निवासी सुरेंद्र राम की 18 वर्षीया पुत्री लाडो कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि लाडो कुमारी सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर अपने परिवार के सदस्यों के साथ किऊल नदी से जल भरकर पैदल ही महादेव सिमरिया स्थित प्रसिद्ध बाबा धनेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रही थी.
चलते ट्रक से अचानक गिरी लोहे की रॉड
जैसे ही कांवड़ियों का दल कचहरी चौक के समीप पहुंचा, तभी वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से अचानक लोहे की भारी रॉड खिसककर नीचे आ गिरी. दुर्भाग्यवश सड़क किनारे चल रही लाडो कुमारी उस लोहे की रॉड की सीधी चपेट में आ गई और उसके सिर पर गहरी चोट लग गई. सिर में गंभीर चोट लगते ही युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और अचेत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
परिजनों में कोहराम, पटना किया गया रेफर
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवती को तुरंत जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया. सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने युवती की स्थिति को काफी चिंताजनक पाया. सिर में गंभीर आंतरिक चोट होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक चिकित्सा देने के तुरंत बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया. घटना की खबर मिलते ही कल्याणपुर मोहल्ले और परिजनों में मातम व चिंता का माहौल व्याप्त हो गया है.
