Jamui News: बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी पारा दिन-ब-दिन चढ़ता जा रहा है. शिक्षित युवाओं, बेरोजगारों और प्रबुद्ध वर्ग को साधने के लिए सभी राजनीतिक दल और प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगे हैं. इसी कड़ी में मंगलवार को जमुई के ऐतिहासिक रावणेश्वर भवन में जन सुराज समर्थित प्रत्याशी रजनीश रंजन के समर्थन में एक भव्य 'स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे करीब पांच हजार स्नातक मतदाताओं के हुजूम ने कार्यक्रम को एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया. जन सुराज प्रत्याशी रजनीश रंजन ने युवाओं और मतदाताओं के सामने अपने सात संकल्प रखे और ऐलान किया कि अगर वे जीतकर सदन पहुंचते हैं तो हर बेरोजगार स्नातक को पांच लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण और अनुदान दिलाएंगे.
स्वरोजगार के लिए 5 लाख का ब्याज मुक्त लोन और 7 बड़े संकल्पों का ऐलान
संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा तालमेल बिठाते हुए रजनीश रंजन ने अपनी प्राथमिकताओं की विस्तृत रूपरेखा पेश की. उन्होंने कहा कि आज बिहार का पढ़ा-लिखा युवा डिग्री हाथ में लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है. इस बेरोजगारी के दंश को समाप्त करने के लिए उनकी पहली प्राथमिकता बेरोजगार स्नातकों को अपने पैरों पर खड़ा करना होगा. उन्होंने वादा किया कि सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करके बेरोजगार स्नातकों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का बिना ब्याज वाला कर्ज और अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में 'एक पाठ्यक्रम-एक वेतनमान' लागू कराने और वर्षों से चली आ रही वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था को हमेशा के लिए समाप्त कराने का मजबूत संकल्प दोहराया.
कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, जीवन सुरक्षा बीमा और बेरोजगारी भत्ते का वादा
अपनी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाते हुए रजनीश रंजन ने समाज के विभिन्न वर्गों के अधिकारों की बात कही. उन्होंने ऐलान किया कि सभी स्नातकों के लिए 'जीवन सुरक्षा बीमा' लागू कराने के साथ-साथ शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदाकर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की व्यवस्था कराने की मांग को सदन में पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा. राज्य में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में होने वाली लेती-लतीफी और धांधली को रोकने के लिए उन्होंने एक पारदर्शी 'एकेडमिक कैलेंडर' जारी कराने और जब तक रोजगार न मिले, तब तक बेरोजगार युवाओं के लिए मासिक बेरोजगारी भत्ता लागू कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया.
प्रशांत किशोर के 14 हजार नौकरियों के दांव और पलायन रोकने पर सीधी चर्चा
संवाद कार्यक्रम के दौरान रजनीश रंजन ने जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर की बड़ी घोषणा का भी प्रमुखता से जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जन सुराज की सरकार बनने पर 14 हजार स्नातक युवाओं को सीधी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा. बिहार से हो रहे मेधावी युवाओं के पलायन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि जब तक राज्य में स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और उद्योग-धंधों के अवसर पैदा नहीं होंगे, तब तक पलायन का यह दर्द खत्म नहीं होगा. संवाद के दौरान हॉल में मौजूद स्नातकों ने रोजगार, शिक्षा, बदहाल पुस्तकालयों और युवाओं के भविष्य से जुड़े कई तीखे सवाल पूछे, जिनका रजनीश रंजन ने एक-एक कर बेबाकी से जवाब दिया.
Jamui News: ई-लाइब्रेरी से लेकर वकालतखानों के कायाकल्प का विजन, जानें कौन-कौन रहे मौजूद
प्रत्याशी रजनीश रंजन ने केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक और न्यायिक ढांचे को मजबूत करने का भी वादा किया. उन्होंने जिला मुख्यालय में सर्वसुविधायुक्त मॉडर्न लाइब्रेरी के साथ-साथ सभी अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर डिजिटल ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की बात कही. इसके अलावा अधिवक्ताओं के लिए वकालतखानों का सुदृढ़ीकरण और हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाने का एजेंडा भी सामने रखा. जन सुराज के जिलाध्यक्ष रोवीन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम को बीएन मंडल विश्वविद्यालय की सीनेट सदस्य मनीषा रंजन, उप प्रभारी उत्तम सिंह, जिला प्रभारी अनिल साह, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रसिद्ध सिंह, पूर्व इंस्पेक्टर अजय सिंह समेत कई दिग्गजों ने संबोधित किया. पांच हजार मतदाताओं की जुटान ने साफ कर दिया है कि कोसी स्नातक चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा होने वाला है.
