जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट
Drug Free India: नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के तत्वावधान में सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया. इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और जनजागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया.
न्यायिक पदाधिकारियों ने ली नशा मुक्त भारत की शपथ
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सत्यनारायण शिवहरे ने की. समारोह में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दिलीप कुमार राय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मंजूश्री कुमारी, एसीजेएम चंद्र बोस कुमार सिंह, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट मनीषा कुमारी तथा न्यायिक दंडाधिकारी कंचन रानी सहित कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे.
अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने भी निभाई सहभागिता
शपथ ग्रहण समारोह में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता पवन कुमार राय, गोविंद कुमार रोशन, अभिषेक सहित व्यवहार न्यायालय, जिला विधिक सेवा प्राधिकार और स्थायी लोक अदालत के कर्मियों ने भी भाग लिया. सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
नशे के दुष्प्रभावों से समाज को बचाने का आह्वान
समारोह में सभी ने शपथ ली कि वे अपने जीवन में शराब, सिगरेट, तंबाकू तथा अन्य किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे. साथ ही अपने मित्रों, परिजनों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे.
युवाओं को जागरूक करना समय की जरूरत
अध्यक्षीय संबोधन में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम सत्यनारायण शिवहरे ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शरीर, मन और परिवार पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है. उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है, इसलिए उन्हें समय रहते जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है.
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील
Drug Free India: जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मंजूश्री कुमारी ने युवाओं से नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर ही समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है. उन्होंने लोगों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने का भी आह्वान किया.
