सिकंदरा (जमुई). जमुई नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. प्रियंका गुप्ता को अब नगर पंचायत सिकंदरा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर जिलाधिकारी नवीन ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया, जिसके बाद सोमवार को डॉ. गुप्ता ने सिकंदरा कार्यालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया.
भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी के बाद बदला प्रशासनिक ढांचा
गौरतलब है कि बीते 28 अप्रैल को सिकंदरा के तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेते हुए विशेष निगरानी इकाई की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था. उनकी गिरफ्तारी के बाद जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए जिलाधिकारी ने तात्कालिक रूप से सिकंदरा बीडीओ अतुल प्रसाद को प्रभार सौंपा था. हालांकि, तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों की जटिलता को देखते हुए विभाग ने किसी नियमित कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति का निर्देश दिया, जिसके बाद डॉ. प्रियंका गुप्ता को यह जिम्मेदारी मिली.
योगदान के साथ ही कार्य में जुटीं डॉ. गुप्ता, स्वच्छता और जनगणना पर जोर
पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद डॉ. प्रियंका गुप्ता ने सक्रियता दिखाते हुए नगर क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा की. उन्होंने सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वच्छता पदाधिकारी रौशनी कुमारी के साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर चर्चा की और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत
बता दें कि डॉ. प्रियंका गुप्ता इससे पहले भी तीन बार नगर पंचायत सिकंदरा का प्रभार संभाल चुकी हैं. उनके अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए स्थानीय पार्षदों में उत्साह देखा गया. पदभार ग्रहण के अवसर पर वार्ड पार्षद राजेश कुमार मिश्रा, विजय पांडेय, साबिर हुसैन, पार्षद प्रतिनिधि ओम प्रकाश, विशाल चौधरी और चंदन चौधरी ने उन्हें शॉल और बुके देकर सम्मानित किया.
