Jamui Dowry Death: सिकंदरा (जमुई). थाना क्षेत्र के पोहे गांव में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की कथित हत्या और शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का मामला सामने आया है. मृतका की मां वारसलीगंज थाना क्षेत्र के कोरमा गांव निवासी बिंदु देवी के आवेदन पर सिकंदरा थाना पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है.
2020 में हुई थी सुनीता की शादी
पुलिस को दिए आवेदन में बिंदु देवी ने बताया कि उनकी पुत्री सुनीता देवी की शादी 20 मई 2020 को पोहे गांव निवासी पिंटू सिंह के साथ हुई थी. दंपती से करीब चार वर्षीय एक पुत्र भी है.मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर सुनीता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. आरोप है कि इसी क्रम में 9 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर दी.
शव को गुपचुप तरीके से जलाने का आरोप
बिंदु देवी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सुनीता के शव को आनन-फानन में गुपचुप तरीके से जला दिया गया. इसके बाद जले हुए अवशेषों को मिट्टी में दबा दिए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है.
पुलिस के अनुसार, गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय से सटे तालाब के समीप शव की अंत्येष्टि किए जाने और बचे हुए जले अवशेषों को वहीं मिट्टी में दबाए जाने की जानकारी मिली है.
पति समेत नौ लोगों को बनाया आरोपी
मामले में पति पिंटू सिंह, मिंटू सिंह, श्रवण सिंह, पूनम देवी और सोनाली कुमारी, सभी पोहे गांव निवासी, जबकि राजीव सिंह और संगीता देवी, चनपुरा, वारसलीगंज निवासी समेत कुल नौ लोगों को आरोपी बनाया गया है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
पुलिस ने दर्ज की दहेज हत्या की प्राथमिकी
Jamui Dowry Death: सिकंदरा थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मृतका की मां के आवेदन के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
