झाझा (जमुई) : उत्क्रमित मध्य विद्यालय हथिया, जो अपने मूल गांव से स्थानांतरित होकर चरघरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में संचालित हो रहा है, का शनिवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय पासवान ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया.
बच्चों से पूछे सवाल, सही जवाब पर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान डीईओ बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों से भाषा और सामान्य ज्ञान से जुड़े कई सवाल पूछे. बच्चों के सटीक जवाब से संतुष्ट डीईओ ने उनका उत्साहवर्धन किया. साथ ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
प्रधानाध्यापिका से जानी विद्यालय की समस्याएं
डीईओ ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कंचन लता सिन्हा से दैनिक संचालन, मूलभूत सुविधाओं और पठन-पाठन में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली. उन्होंने विद्यालय संचालन में आ रही समस्याओं से भी रूबरू होते हुए पठन-पाठन का स्तर और बेहतर करने के निर्देश दिए.
शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी करने और बच्चों की पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे.
