अलीगंज. क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) अंचल परिषद की ओर से गुरुवार को प्रखंड कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन दिया गया. धरना की अध्यक्षता बालेश्वर चौधरी ने की. इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, किसान, मजदूर और भूमिहीन लोग शामिल हुए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. भाकपा जिला मंत्री सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश के अधिकांश कार्यालय भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और इसके खिलाफ संघर्ष आगे भी चलता रहेगा. अंचल सचिव सतेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मूल संविधान से छेड़छाड़ के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. भाकपा सहायक अंचल सचिव बालेश्वर चौधरी ने मजदूरों को 500 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने, प्रधानमंत्री आवास योजना में सही लाभार्थियों के चयन, भूमिहीनों को जमीन उपलब्ध कराने, मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार दूर करने, उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसान सम्मान निधि लाभार्थियों की सूची में संशोधन, रैयत के आधार पर किसान कार्ड बनाने, दाखिल-खारिज प्रक्रिया को सरल और भ्रष्टाचार मुक्त करने जैसी मांगें उठाईं. कार्यक्रम के अंत में भाकपा प्रतिनिधिमंडल ने आठ सूत्री मांग पत्र बीडीओ अभिषेक भारती एवं सीओ रंजन कुमार दिवाकर को सौंपा. मौके पर वीरेंद्र सिंह, राधे यादव, रामाकांत सिंह, महेश मांझी, कृष्ण रविदास सहित सैकड़ों महिला-पुरुष, गरीब किसान और मजदूर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
