Jamui Road Accident : लक्ष्मीपुर प्रखंड के मोहनपुर थाना क्षेत्र में कोहबरवा-झाझा-धमना मुख्य मार्ग पर मोहनपुर काजू बागान के पास तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक कार में फंस गई और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र निवासी शनिचर यादव (पिता स्व. गुली यादव) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह किसी व्यक्ति को संदीपी गांव छोड़कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल कार में फंस गई और शनिचर यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम, आवागमन ठप
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. उन्होंने कोहबरवा-झाझा-धमना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मौके पर वरीय अधिकारियों को बुलाने और मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था.
पुलिस लोगों को समझाने में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है.
घर में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने और फरार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
