Jhajha MEMU Update: झाझा. आसनसोल मंडल अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर आवश्यक ट्रैक अनुरक्षण कार्य के लिए विस्तारित मेगा कॉरिडोर ब्लॉक लिए जाने के कारण रविवार को कई मेमू ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा. रेलवे ने चयनित ट्रेनों को रद्द करने और कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन करने का निर्णय लिया, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को असुविधा हुई.
ये ट्रेनें रहीं प्रभावित
आसनसोल मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 63298 झाझा–देवघर मेमू पूरी तरह रद्द रही.गाड़ी संख्या 63509 बर्द्धमान–झाझा मेमू का अल्प समापन आसनसोल में किया गया. इसके कारण आसनसोल और झाझा के बीच ट्रेन का परिचालन रद्द रहा.गाड़ी संख्या 63510 झाझा–बर्द्धमान मेमू का अल्प प्रारंभ आसनसोल से किया गया. फलस्वरूप झाझा और आसनसोल के बीच यह ट्रेन नहीं चली.वहीं गाड़ी संख्या 63209 देवघर–पटना मेमू का अल्प प्रारंभ झाझा से किया गया, जिसके कारण देवघर और झाझा के बीच इसका परिचालन रद्द रहा.
यात्रियों को उठानी पड़ी परेशानी
एक साथ कई ट्रेनों के रद्द रहने और आंशिक संचालन के कारण झाझा स्टेशन पर यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ी. विशेष रूप से दैनिक यात्रियों और देवघर की ओर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा.
रेलवे ने बताई वजह
Jhajha MEMU Update: स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने बताया कि झाझा स्टेशन पर किसी प्रकार का स्थानीय ब्लॉक नहीं लिया गया है. आसनसोल मंडल में आवश्यक ट्रैक अनुरक्षण कार्य के कारण वहां के मंडल प्रशासन द्वारा ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है.रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें.
