अलीगंज में गणेशोत्सव की तैयारी तेज, 15 से अधिक जगहों पर बन रहे भव्य पंडाल

अलीगंज में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी जोरों पर है. 14 सितंबर से शुरू हो रहे गणेशोत्सव के लिए 15 से अधिक स्थानों पर भव्य पंडाल बनाए जा रहे हैं, जिनमें 20 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा खास आकर्षण होगी. पूरा बाजार भक्ति और उत्साह के रंग में रंग गया है.

जमुई, अलीगंज. गणपति बप्पा के स्वागत को लेकर अलीगंज बाजार में उत्साह और भक्ति का माहौल है. गणेशोत्सव को लेकर बाजार के 15 से अधिक स्थानों पर भव्य पंडालों का निर्माण तेजी से चल रहा है. कहीं आकर्षक थीम पर पंडाल तैयार किए जा रहे हैं तो कहीं विशाल गणेश प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में कारीगर जुटे हैं. बंगाल और झारखंड से पहुंचे कारीगर दिन-रात मेहनत कर पंडालों को भव्य रूप देने में लगे हैं.

कई स्थानों पर पूजा की तैयारियां तेज

अलीगंज चौक क्रांति क्लब, बुढ़वा गणेश जी, स्टूडेंट क्लब अंदर बाजार, धर्मवीर बालक दल, सृष्टि क्लब, ग्रेट क्लब अंदर बाजार, सोनखार रोड और मानपुर रोड समेत कई स्थानों पर पूजा की तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं. बाजार में जगह-जगह रंग-बिरंगी सजावट और पंडालों का निर्माण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन रहा है.

20 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा होगी खास आकर्षण

इस बार अलीगंज में 20 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाली है. प्रतिमा और आकर्षक पंडाल को अंतिम रूप देने के लिए कारीगर लगातार काम कर रहे हैं. गणेशोत्सव की तारीख नजदीक आने के साथ तैयारियों में भी तेजी आ गयी है.

पंडाल को तैयार करते हुए

14 सितंबर से होगा गणेशोत्सव का आगाज

इस वर्ष 14 सितंबर से गणेशोत्सव का आगाज होगा. इसी दिन विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की जाएगी. इसके बाद विभिन्न पूजा समितियों की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

कई पूजा समितियों की ओर से पांच दिनों तक उत्सव मनाने की तैयारी है. वहीं विभिन्न स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया जाएगा. इससे अलीगंज बाजार में उत्सवी माहौल और बढ़ने की उम्मीद है.

एक ही दिन तीज और गणेश चतुर्थी

इस बार 14 सितंबर को ही हरितालिका तीज और गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाएगा. पंडित पंकज कुमार ने बताया कि तृतीया तिथि 14 सितंबर की सुबह 7:01 बजे तक रहेगी. व्रती इसी दिन तीज का व्रत रखेंगे और अगले दिन मंगलवार को सुबह 7:40 बजे के बाद पारण कर सकेंगे.

गणेशोत्सव को लेकर अभी से अलीगंज बाजार भक्ति, आस्था और उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है. पूजा समितियों के साथ स्थानीय लोग भी आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >