झाझा. झाझा-धमना मुख्य मार्ग के कलयुगहा गांव के समीप अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने दादी के साथ सामान खरीदने दुकान जा रहे पांच वर्षीय पोता को रौंद दिया. इस हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों ने वाहन का पीछा किया, लेकिन तब तक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बालक को रेफरल अस्पताल लाया, जहां चिकित्सक ने जांच करने के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान छापा पंचायत की केनवनकाठी गांव निवासी अरविंद यादव व कविता देवी का पांच वर्षीय पुत्र कृष कुमार के रूप में हुई है. हादसे से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क को घंटों जाम कर दिया. घटना को लेकर मृत बालक की दादी मालती देवी ने बताया कि वह घर से निकलकर कलयुगहा सड़क किनारे लगी दुकान पर कुछ सामान खरीदने के लिए अपने पोता के साथ जा रही थी, तभी अनियंत्रित चार पहिया वाहन झाझा की ओर आते हुए मेरे पोते को रौंदते हुए निकल गया. घटनास्थल पर वह गिरकर लहूलुहान हो गया. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, महिला पुलिस पदाधिकारी पूजा कुमार, चंदन कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया. लेकिन ग्रामीण लगातार उचित मुआवजे, सड़क पर बैरीकेडिंग लगाने व प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए लगभग तीन घंटे तक झाझा-धमना मुख्य सड़क को जाम रखा. जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी. काफी समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम को समाप्त किया. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचकर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस आसपास के सड़कों पर लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल चार पहिया वाहन की शिनाख्त कर उस पर कार्रवाई की जा सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
