सोनो-अगहरा मार्ग के करमटिया जंगल के समीप की घटना
हिरासत में लिये गये एक युवक से हो रही है पूछताछ
सोनो : थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनो-अगहरा मार्ग के करमटिया जंगल के समीप मंगलवार की शाम रसोई गैस होम डिलीवरी टीम से अज्ञात सड़क लुटेरों द्वारा लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया. दशकों पूर्व लूटपाट के लिए बदनाम करमटिया रास्ता एक दो दशक बाद फिर से सुर्खियों में आ गया है.
स्थानीय श्री गौरी इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में कार्यरत होम डिलीवरी स्टाफ सोनो निवासी सुरेंद्र पंडित व वाहन चालक पैलवाजन निवासी मनीष यादव ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को सरेबाद पंचायत के सरेबाद व अगहरा गांव में 56 लाभुकों को गैस सिलिंडर डिलीवरी कराने के बाद जब वापस सोनो आ रहा था तभी करमटिया जंगल के समीप सड़क पर खड़े तीन युवकों ने हाथ मे पत्थर व पेड़ की डाली का भय दिखाकर वाहन को रुकवा लिया. युवक मुंह को कपड़ा से ढंक रखा था. एक युवक के हाथ में छोटा हथियार भी था.
लुटेरों ने वाहन रुकते ही सुरेंद्र के साथ मारपीट कर उसके पास से रुपयों वाला बैग छीन लिया. बैग में गैस सिलिंडर डिलीवरी के बाद उपभोक्ताओं से लिये गये कुल चालीस हजार रुपये थे. लुटेरों द्वारा काफी कम समय मे इस लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया. लूटपाट के बाद युवक आराम से जंगल की ओर चले गये. पीड़ित स्टाफ व चालक घटना की सूचना गैस एजेंसी मालिक व पुलिस को दिया.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फौरन सक्रिय हो गयी. प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस की टीम लुटेरों की तलाश में रातभर भिन्न भिन्न जगहों पर छापेमारी करती रही. इस बीच पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गये युवक से गहन पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि अगले दिन तक लूटपाट के इस कांड का उद्भेदन करते हुए लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा. इधर करमटिया क्षेत्र में कई वर्षों बाद हुई लूटपाट की इस घटना से क्षेत्र के लोग चिंतित हो उठे हैं.
