सोनो : एनएच 333 के सोनो-खैरा मुख्य मार्ग पर मानधाता गांव में गुरुवार की सुबह एक अनियंत्रित बोलेरो ने एक युवक को रौंद दिया. जिससे वह युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान मनधाता गांव के बनवारी साव के 36 वर्षीय पुत्र परमानंद साव के रूप में हुई. बेहद गंभीर रूप से घायल परमानंद को स्थानीय निवासियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां से प्रारंभिक इलाज के उपरांत जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
परिजनों ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु उसे जमुई से पटना रेफर किया गया है. इधर मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास कर रहे चालक को पुलिस के हवाले कर दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम करने का प्रयास भी किया गया. दरअसल वो सब अस्पताल में डॉक्टर की ड्यूटी से नाखुश थे. ग्रामीण अस्पताल की स्थिति सुधारने व सड़कों पर गति नियंत्रण करने में प्रशासनिक पहल की मांग कर रहे थे. हालांकि कुछ ग्रामीणों व मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अरविंद कुमार व एसआई विजय कुमार चौधरी की पहल पर तत्क्षण यातायात सुचारू करा दिया गया.
इधर पुलिस द्वारा घायल चालक का इलाज भी स्थानीय अस्पताल में कराया गया. चालक की पहचान बेगूसराय जिला के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राजौरा गांव का निवासी हरिकांत राय के 28 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार के रूप में किया गया गया. दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो से आ रहे शराब की बदबू के कारण उसमे शराब की संभावना के मद्देनजर जब छानबीन की गयी तब उसके बीच व पीछे की सीट के नीचे बने गुप्तखाना से विदेशी शराब बरामद किया गया. जिसमें रॉयल स्टैग ब्रांड के 750 एमएल की 16 बोतल, 375 एमएल की 75 बोतल व 180 एमएल की 70 बोतल यानी कुल 161 बोतल पाया गया.
गिरफ्तार चालक ने पूछताछ के दौरान बताया कि वाहन उसका अपना है जिसमे वह देवघर से शराब खरीद कर बेगूसराय ले जा रहा था. थानाध्यक्ष ने बताया कि बटिया-सोनो के बीच राजपुर के समीप गश्ती अभियान के दौरान एसआई राज किशोर तिवारी के नेतृत्व में पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान सुबह छह बजे चकाई की ओर से आ रहे बीआर 09 एच 6951 नंबर के एक उजले बोलेरो को जब पुलिस रुकने का इशारा किया तब चालक वाहन को रोकने के बजाय तेज गति से भगाने लगा.
सोनो प्रखंड मुख्यालय से आगे मानधाता के समीप अनियंत्रित उक्त बोलेरो अपने बांयी ओर सड़क किनारे एक झोपड़ी में आंशिक ठोकर मारते हुए सड़क से काफी दूर खड़े ठेला चालक परमानंद को रौंदते चला गया. घटना के वक्त परमानंद अपने ठेला की सफाई कर रहा था. इस दुर्घटना से चालक इतना बदहवास हो गया कि सड़क किनारे खड़े बिजली के एक सीमेंट खंभे व एक चापाकल को तोड़ता हुआ घर के आगे रखे बहुत सारे ईंट से जा टकराया.
लक्ष्मीपुर. थाना क्षेत्र के कोहवरवा मोड़ के पास महुआ शराब ले जा रहे तीन व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस बाबत थानाध्यक्ष दुबे देवगुरु ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति देसी शराब का कारोबार करते हैं व शराब डिलिवरी को ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही त्वरित छापेमारी दल का गठन किया गया.
इसी क्रम में कोहवरवा मोड़ जे समीप से 50 लीटर महुआ शराब के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार लोगों की पहचान तेतेरिया निवासी राजू साह, हरला निवासी अनिल साह व महिसौड़ी निवासी चंदन साह के रुप में किया गया है. तीनों पर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
