खैरा थाना क्षेत्र के बादिलडीह की घटना
जमुई : बच्चों में हुई कहासुनी ने गुरुवार को जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले बादिलडीह गांव में खूनी रूप ले लिया. बात इतनी बढ़ गयी की नौबत मारपीट की आ गयी व एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
जख्मी घायलों को बाद में परिजनों के द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा लाया गया जहां उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया. जहां उनका इलाज किया जा रहा है. जानकारी के अनुसार जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाले बादिलडीह गांव में गुरुवार सुबह दो बच्चों में किसी बात को लेकर लड़ाई हो गयी. बच्चों की लड़ाई होती देख दोनों पक्ष के बड़े भी उस में कूद गये व नौबत मारपीट की आ गयी.
जिसमें बादिलडीह निवासी प्रेम यादव, उसकी पत्नी शांति देवी, उसका बेटा रामाशीष यादव, उसकी बहु मिकी देवी व एक व पुत्र रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रेम यादव ने बताया कि दोनों परिवार के बच्चे आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा कर रहे थे.
हम लोग जब भी बीच बचाव कर मामला सुलझाने गये तभी दूसरे पक्ष से सीताराम यादव, उसका पुत्र मंतोष यादव, संतोष यादव, भाई राजू यादव, बुल्ली यादव व नुनेश्वर यादव आया तथा लाठी डंडा से हम लोगों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी. इसमें प्रेम यादव, उसका पुत्र रोहित यादव तथा पत्नी शांति देवी के सर में गंभीर चोटें आई हैं. वही रामाशीष यादव व मिकी देवी को भी अंदरूनी चोट आई है. बाद में परिजनों के सहयोग से उक्त सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खैरा लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. परंतु उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया.
पूर्व से चला रहा जमीन विवाद
हालांकि उक्त घटना का तात्कालिक कारण बच्चों के बीच हुई लड़ाई मानी जा रही है. परंतु प्रेम यादव ने बताया कि उक्त पक्ष के लोगों से उसका पहले से किसी जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है. जिस के बाद द्वेष स्वरूप इस घटना को अंजाम दिया गया है. उसने बताया कि पहले भी कई बार उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो चुकी है व इस स्थिति बिगड़ भी चुकी है. परंतु गुरुवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने हम पर जान मारने की नीयत से हमला किया.
कहते हैं थानाध्यक्ष . इस बाबत पूछे जाने पर खैरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है. घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है. परंतु अभी तक किसी भी पक्ष के द्वारा आवेदन नहीं दिये जाने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है. उन्होंने बताया कि पुलिस घटना को लेकर मामले की छानबीन कर रही है. साथ ही आवेदन दिये जाने पर प्राथमिकी भी दर्ज किया जायेगा.
