Indian Railway: पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर, समस्तीपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय समेत सभी मंडलों में चलने वाली हाई-डिमांड स्पेशल ट्रेनों में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारी भीड़ वाली सात प्रमुख ट्रेनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस नई रेक से चलाने की तैयारी है, ताकि यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर मिल सके.
इस पहल का सीधा फायदा पटना से दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा. बिना एसी श्रेणी की ये ट्रेनें आम यात्रियों के बजट में बेहतर और अपेक्षाकृत आरामदेह सफर का विकल्प देंगी, जिससे होली के दौरान घर वापसी की यात्रा और आसान हो सकती है.
सात स्पेशल ट्रेनें बनेंगी अमृत भारत
रेलवे साल भर सबसे ज्यादा भीड़ वाली स्पेशल ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से अमृत भारत एक्सप्रेस में बदलने की तैयारी कर रहा है. इस दिशा में रेलवे ने दानापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, समस्तीपुर और धनबाद समेत कई मंडलों से प्रस्ताव मंगाए हैं, जिसके तहत करीब सात ट्रेनों की सूची तैयार की जा रही है.
इनमें पटना से मुंबई के अलावा दिल्ली, चेन्नई और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली हाई-डिमांड स्पेशल ट्रेनें शामिल हो सकती हैं. इस बदलाव का मकसद लंबी दूरी के यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित सफर उपलब्ध कराना है.
अगले हफ्ते का बड़ा अपडेट
रेलवे सूत्रों के अनुसार, तीनों संबंधित जोन के अधिकारी मुंबई–पटना अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को लेकर आपसी तालमेल बनाने में जुटे हैं. जैसे ही प्रस्तावित टाइम टेबल को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल जाएगी, इन सात ट्रेनों के संचालन की आधिकारिक तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा.
होली के मद्देनजर रेलवे प्रशासन की कोशिश है कि मार्च के पहले पखवाड़े में ही कुछ रूट्स पर नई सेवा शुरू कर दी जाए, ताकि त्योहार पर घर लौटने वाले प्रवासी यात्रियों को भीड़ और टिकट की समस्या से राहत मिल सके.
Also Read: छपरा होकर चलेगी श्रीगंगानगर-समस्तीपुर होली स्पेशल ट्रेन, जानिए टाइम-टेबल और पूरा शेड्यूल
