Vaishali News: जिले के गोरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत भुआलपुर उर्फ बहादुरपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने वाले 35 वर्षीय युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान भुआलपुर उर्फ बहादुरपुर निवासी सुनील प्रसाद (35 वर्ष) के रूप में हुई है. गंभीर हालत में स्थानीय लोगों व परिजनों द्वारा उन्हें हाजीपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
गांव में निजी स्कूल चलाकर करता था परिवार का भरण-पोषण
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और गांव में ही एक निजी विद्यालय संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसका एक छोटा बेटा भी है. सुनील प्रसाद की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
रक्षाबंधन पर मायके गई थी पत्नी, पीछे से देवरों ने की मारपीट
घटना को लेकर मृतक की पत्नी कामिनी देवी ने अपने देवरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पत्नी ने बताया कि उनके पति का अपने छोटे भाइयों के साथ पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने मायके गई हुई थीं. आरोप है कि इसी दौरान दोनों छोटे देवर संजय राय और संजीत कुमार ने अपने एक रिश्तेदार प्रिंस कुमार को बुलाकर सुनील प्रसाद की बेरहमी से पिटाई कर दी.
आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस जांच में जुटी
कामिनी देवी का आरोप है कि सगे भाइयों द्वारा सरेआम की गई मारपीट और प्रताड़ना से सुनील प्रसाद गहरे मानसिक आघात में आ गए थे. इसी से क्षुब्ध और आहत होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उनकी जान चली गई. पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी जांच में जुट गई है.
