Hajipur News : हाजीपुर के बलिगांव थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव में मंगलवार की अहले सुबह शौच के लिए गये एक युवक की पोखर में डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान भरथीपुर गांव निवासी सुखलाल पासवान के 40 वर्षीय पुत्र विजय पासवान के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
काफी देर बाद पोखर में मिला शव
स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय पासवान मंगलवार की अहले सुबह शौच के लिए पोखर की ओर गये थे. काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान लोगों की नजर पोखर में उपलाते विजय पासवान के शव पर पड़ी. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में युवक को पोखर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना बलिगांव थाना की पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राम निवास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया.
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष राम निवास कुमार ने बताया कि भरथीपुर गांव स्थित पोखर में डूबने से एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक स्थानीय लोग शव को पानी से बाहर निकाल चुके थे. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है. उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
