murder in land dispute: गोरौल थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट के बाद एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने उसके दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. मृतक की पत्नी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय कुमार और संजीव कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
जमीन विवाद को लेकर तीन भाइयों में चल रहा था विवाद
बताया गया है कि करीब एक सप्ताह पूर्व जमीन को लेकर तीन भाइयों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद को लेकर सुनील कुमार के साथ उसके दो भाइयों द्वारा मारपीट किये जाने का आरोप है.
मृतक की पत्नी कामिनी देवी ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान संजय कुमार, संजीव कुमार, रागिनी और राहुल कुमार ने मिलकर सुनील कुमार को जमीन पर पटक दिया. इसके बाद कथित रूप से जहर घोलकर उसे जबरन पिला दिया गया.
हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
जहर पिलाये जाने के बाद सुनील कुमार की तबीयत बिगड़ने लगी. स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों की मदद से उसे हाजीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना को लेकर मृतक की पत्नी ने गोरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
दो भाइयों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित संजय कुमार और संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार दोनों से पूछताछ की गयी और इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है. अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्राथमिकी में लगाए गये आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
