hajipur news. शॉर्ट सर्किट से जले पेड़ की डाल टूट कर गिरने से युवक की मौत

बिदुपुर थाना के विहवारपुर पावर हाउस के समीप जला पेड़ देखने के दौरान हुआ हादसा, बिजली विभाग में संविदा पर मीटर रीडिंग का करता था काम, आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम की सड़क

बिदुपुर. हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर शाम बिदुपुर थाना क्षेत्र की नवानगर पंचायत अंतर्गत विहवारपुर पावर हाउस के निकट एक पेड़ की डाल गिरने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. गंभीरावस्था में उसे पहले हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. मृतक प्रशांत कुमार मधुरापुर पोखर का निवासी था. वह बिजली कंपनी में संविदा पर मीटर रीडिंग का काम करता था. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मधुरापुर पोखर के समीप शव रख कर हाजीपुर-महनार मार्ग जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने बांस-बल्लियों से सड़क घेरकर सरकार से मुआवजे की मांग की है. बुधवार की शाम पावर हाउस के पास तार में शॉर्ट सर्किट के कारण एक आम के पेड़ में आग लग गयी, जिसे सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बुझा दिया. हालांकि, चर्चा है कि आग पूरी तरह नहीं बुझी थी. भोज खाकर घर लाैटने के दौरान प्रशांत जले पेड़ को देखने लगा, तभी अचानक पेड़ की डाली उस पर टूट कर गिर पड़ी. इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर जुटे लोगों की मदद से उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया. वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.

बीडीओ की पहल पर शांत हुआ हंगामा

पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया, तो आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया. आक्रोशित लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे. इसकी सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना के एसआइ बलराम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये. स्थिति को देखते हुए बीडीओ कुमार मनीष भारद्वाज भी पहुंचे और वरीय अधिकारियों से बातचीत की. उन्होंने आश्वासन दिया कि आपदा विभाग से मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी. साथ ही, उन्होंने सक्षम लोगों से अपील की कि वे मृतक के परिवार की आर्थिक मदद करें, ताकि बेटी की शादी या बच्चों की शिक्षा में सहायता मिल सके. प्रशासन के समझाने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात बहाल हुआ.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मधुरापुर पोखर निवासी प्रशांत कुमार की मौत के बाद उसकी पत्नी निधि देवी बार-बार बेहोश हो रही हैं. उसकी 15 वर्षीय बेटी अंशिका और 13 वर्षीय पुत्र आशीष का भी रो-रोकर बुरा हाल था. लोग बताते हैं कि प्रशांत मिलनसार, हंसमुख और जरूरतमंदों की मदद करने वाला इंसान था. भाजपा नेता टिंकज कुमार सिंह, प्रिंसिपल सतीश कुमार और शिक्षक रणधीर कुमार ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहता था.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >