hajipur news. महिला सशक्तीकरण से समाज में आया है सकारात्मक बदलाव : डीएम

समाहरणालय सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया

हाजीपुर. कला संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. डीएम यशपाल मीणा ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कदम उठाए है. महिलाओं के विकास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलायी जा रही है. इन योजनाओं में मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना शामिल है. जीविका से जुड़कर लाखों महिलाएं स्वयं अपनी सफलता की पटकथा लिख रही हैं. उन्होंने कहा कि महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों, शिक्षक नियुक्ति, शैक्षिक संस्थानों एवं अन्य सरकारी सेवाओं में आरक्षण मिलने से उनका प्रतिनिधित्व बढ़ा है. इससे उनमें आत्मविश्वास आया है. आर्थिक खुशहाली आयी है तथा एक बड़ा सकारात्मक सामाजिक बदलाव आया है. कहा कि महिलाओं में वह शक्ति है कि वह अपने तप, त्याग और मेहनत से अपने घर परिवार की शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति में बदलाव ला सकती हैं.उन्होंने कहा कि स्वयं उनकी मां ऐसी प्रबंध कौशल में निपुण महिला हैं. मां गांव में रहते हुए अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा दीक्षा के लिए सतत सजग रहीं. इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिन्हा ने बताया कि डीएम के मार्गदर्शन से वैशाली में चुनाव में महिला वोटिंग का परसेंटेज बढ़ा है. जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राखी केसरी, महिला एवं बाल विकास निगम की जिला परियोजना प्रबंधक जुलेखा हसमत, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी शालिनी शर्मा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनू कुमारी, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र स्नेहा, जिला पशुपालन पदाधिकारी प्रभावती कुमारी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक प्रियंका कुमारी, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी रुचि प्रिया और डीआरसीसी की प्रबंधक रौशन आरा आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >