संवाद में मुखर होकर सार्वजनिक समस्याएं साझा कर रहीं महिलाएं

शिविर में पहुंचकर शौचालय, पशु शेड आदि की मांग रख रहीं महिलाएं

हाजीपुर. महिला संवाद के दौरान महिलाएं मुखर हो कर अपने आसपास की समस्याओं के साथ पदाधिकारियों को कई सुझाव दे रही है. इनमें स्वास्थ्य केंद्र से लेकर, लघु उद्योग लगाने की सहुलियत, रोजगार, शौचालय, स्वच्छता आदि शामिल हैं. महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिला संवाद का कार्यक्रम 18 अप्रैल से प्रारंभ है. जिले के 2468 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम का संचालन हो रहा है. अब तक कुल 1339 ग्राम संगठनों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान 03 लाख 45 हजार महिलाएं शामिल हुईं हैं. प्रतिदिन 21 महिला संवाद रथ पूरे जिले में चल रहे हैं.

कई सुविधाओं से लैस हैं रथ

ये रथ एलइडी स्क्रीन, वीडियो फिल्म, सेल्फी प्वाइंट, स्टैंडी, लीफ्लेट्स, वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधाओं से लैस हैं. संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका से जुड़ी हुई एवं गैर जीविका की महिलाएं शामिल हो रही हैं. एक कार्यक्रम में प्रतिदिन लगभग 7 हजार महिलाएं शामिल हो रही हैं. शनिवार के दिन महिला संवाद का आयोजन जिला में कुल 42 स्थानों पर किया गया, जिसमें 78 सौ से ज्यादा महिलाएं विभिन्न स्थानों पर आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में शामिल हुई. ग्रामीण महिलाएं इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर रही हैं, जिससे आगे चलकर उसका समुचित लाभ ले पाएंगी. इसके साथ ही महिलाओं से सुझाव को भी लिया जा रहा है, इनके व्यक्तिगत अथवा सार्वजनिक हित में और सरकार से अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली जा रही है. इन सुझावों को संकलित कर प्राथमिकता निर्धारण की जा रही है और उसका दस्तावेजीकरण किया जा रहा है, जिसे आगे उसे जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार को भेजा जाएगा ताकि उसपर विचार कर नीतिगत निर्णय लिया जा सके.

सरकारी के कामों की दी जा रही जानकारी

महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा अभी तक लिए गए निर्णय एवं किए गए कार्यों की जानकारी आडियो विजुअल के माध्यम से महिलाओं को दी जा रही है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री का महिलाओं के नाम संदेश पत्र को भी सभी महिलाएं पढ़ रही हैं. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपना अनुभव भी साझा कर रही हैं. विभिन्न योजना से किस प्रकार उनके जीवन में परिवर्तनों को कार्यक्रम के दौरान ये महिलाएं साझा कर रही हैं. सरकार की छात्रवृति योजना, प्रधान मंत्री आवास योजना, जीविका, सतत जीविकोपार्जन योजना, सुकन्या योजना आदि से लाभ प्राप्त लाभार्थी अपना अनुभव साझा की. प्रखंड हाजीपुर के थाथन बुजुर्ग पंचायत में नवीन जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान से लाभान्वित संगीता देवी, सतत जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत किराना दुकान का लाभार्थी वीणा देवी, साइकिल योजना की लाभार्थी पुतुल देवी, छात्रवृत्ति योजना की लाभार्थी रेखा देवी ने अपना अनुभव साझा किया. इसके अलावा महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं भी व्यक्त कीं, जिसमें खुशबू देवी ने नल जल योजना, अनिता देवी ने पशु शेड, सुनैना देवी ने शौचालय, सुनीता देवी ने आवास सहित अन्य महिलाओं ने उज्ज्वला योजना आदि की मांग की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >