Mahua Woman Death Case: महुआ थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में शादी के करीब 13 साल बाद एक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी. मृतका की पहचान जलालपुर निवासी मुंशी राय के पुत्र भूषण राय की पत्नी अंजीला कुमारी के रूप में हुई है.
मामले को लेकर मृतका की मां सुनीता देवी ने महुआ थाने में आवेदन देकर पांच नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि दहेज में बाइक नहीं देने के कारण उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था. आरोप है कि इसी दौरान उसकी हत्या कर शव को गायब कर दिया गया और बाद में जला दिया गया. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
शादी के बाद से बाइक के लिए प्रताड़ित करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर चकनूर निवासी अमिनदर राय की पत्नी सुनीता देवी ने अपनी पुत्री अंजीला कुमारी की शादी हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार जलालपुर गांव निवासी भूषण राय के साथ की थी.
मृतका की मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में बाइक नहीं देने को लेकर अंजीला को उसके पति समेत ससुराल के अन्य लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था. इसी बीच आरोपितों पर उसकी हत्या कर शव को जला देने का आरोप लगाया गया है.
पांच नामजद समेत 10 लोगों को बनाया आरोपित
मृतका की मां ने प्राथमिकी में दामाद भूषण राय, ससुर मुंशी राय, सास शिव देवी, भाई संतोष राय और संतोष राय की पत्नी को नामजद आरोपित बनाया है. इसके अलावा पांच अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है.
बताया गया कि अंजीला के दो बेटे और एक बेटी हैं. मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
महुआ थानाध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया कि मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
