वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने भगवानपुर थाना का किया निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

Vaishali News: वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने भगवानपुर थाना पहुंचकर लंबित मामलों की गहन समीक्षा की. उन्होंने फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के लिए सख्त निर्देश दिए, जिससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया.

Vaishali News: वैशाली पुलिस अपने लंबित कांडों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए लगातार जमीनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा द्वारा समय-समय पर विभिन्न थानों का भौतिक निरीक्षण कर अनुसंधानकर्तावार लंबित कांडों की समीक्षा की जा रही है. इसी कड़ी में मंगलवार को एसपी शुभांक मिश्रा ने अचानक भगवानपुर थाना का भ्रमण किया.

बिंदुवार मामलों की समीक्षा

थाना परिसर पहुंचने के बाद एसपी ने कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों की जांच की और थाना में दर्ज कांडों की अनुसंधानकर्तावार विस्तृत समीक्षा की. इस उच्चस्तरीय समीक्षा के दौरान प्रत्येक अनुसंधानकर्ता द्वारा अनुसंधानाधीन एवं लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन, चार्जशीट समर्पण एवं निष्पादन की स्थिति का बिंदुवार बारीकी से अवलोकन किया गया.

फरार अपराधियों पर कड़ा रुख

समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वर्षों से फरार चल रहे अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी, न्यायालय द्वारा जारी वारंट एवं कुर्की-जब्ती के प्रभावी निष्पादन का आदेश दिया. उन्होंने गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में वैज्ञानिक (फोरेंसिक) एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर न्यायालय में आरोप-पत्र समर्पित करने का सख्त निर्देश दिए.

पारदर्शी अनुसंधान के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी अनुसंधानकर्ताओं को कड़े लहजे में निर्देशित किया गया कि प्रत्येक कांड का अनुसंधान पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विधिसम्मत ढंग से संपन्न किया जाए. इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए थाना स्तर पर गश्ती दल को और अधिक सक्रिय करने तथा निरंतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.

चलाया जाएगा सघन अभियान

एसपी शुभांक मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जाए. इसके साथ ही, जिले के चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाकर उनकी अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित करने एवं क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कई आवश्यक रणनीतिक दिशा-निर्देश दिए गए. इस समीक्षा से थाना के पुलिस कर्मियों में हड़कंप देखा गया.

Also Read: हाजीपुर में रेलवे ट्रैक के पास ट्रक चालक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने 50 हजार रुपये लूटकर हत्या का लगाया आरोप


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rahul ray

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >