Employment-oriented Skill Training : तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के लिए जरूरी व्यावहारिक कौशल विकसित करने की दिशा में वैशाली के राजकीय पॉलिटेकनिक में एक महत्वपूर्ण पहल की गई. महिंद्रा एंड महिंद्रा के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत नांदी फाउंडेशन के सहयोग से पंचम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए आयोजित एक सप्ताह का निःशुल्क रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
छात्राओं को रोजगार के लिए किया गया तैयार
पटेढ़ी बेलसर प्रखंड के फतेहपुर-अफजलपुर स्थित राजकीय पॉलिटेकनिक वैशाली में पंचम सेमेस्टर की छात्राओं के लिए एक सप्ताह का निःशुल्क रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. यह प्रशिक्षण महिंद्रा एंड महिंद्रा के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत नांदी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को तकनीकी शिक्षा के साथ रोजगार के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल से सशक्त बनाना था.
27 जुलाई से 3 अगस्त तक चला प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 तक संस्थान के सेमिनार हॉल में प्रतिदिन आयोजित किया गया. इस दौरान छात्राओं को आधुनिक कार्यस्थलों की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक और पेशेवर दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया गया ताकि वे रोजगार की प्रतिस्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
जीवन कौशल से लेकर इंटरव्यू तक मिली उपयोगी जानकारी
नांदी फाउंडेशन की प्रशिक्षक निशा सिंह ने छात्राओं को रोजगार प्राप्त करने और कार्यस्थल पर सफल होने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी. प्रशिक्षण में जीवन कौशल, प्रभावी संचार, साक्षात्कार की तैयारी, वित्तीय साक्षरता, प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण, बायोडाटा लेखन, कार्यस्थल शिष्टाचार, डिजिटल साक्षरता और नेतृत्व क्षमता जैसे विषयों पर विस्तार से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को किया गया सम्मानित
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर पूरे कार्यक्रम का पुनरावलोकन किया गया. प्रशिक्षणोत्तर मूल्यांकन भी कराया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया. इस अवसर पर छात्राओं ने प्रशिक्षण को भविष्य के करियर के लिए उपयोगी बताया.
प्राचार्य बोले- रोजगारपरक कौशल आज की सबसे बड़ी जरूरत
संस्थान के प्राचार्य डॉ. साकिब रज़ा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक कौशल भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें बेहतर करियर अवसरों के लिए तैयार करते हैं. कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संस्थान ने महिंद्रा एंड महिंद्रा, नांदी फाउंडेशन और प्रशिक्षक निशा सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया.
Also Read : महीनों बाद अपहृत नाबालिग बरामद, कारतहां पुलिस ने पटना एम्स परिसर से किया रेस्क्यू
