MY Bharat Registration: वैशाली जिले में अधिक से अधिक युवाओं को मेरा युवा भारत (MY Bharat) से जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. जिला प्रशासन के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 अगस्त तक जिलेभर में पंजीकरण और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों के छात्रों का MY Bharat पोर्टल पर अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाएगा.
क्या है MY Bharat?
MY Bharat (मेरा युवा भारत) केंद्र सरकार का एक डिजिटल मंच है, जहां 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ऑनलाइन पंजीकरण कर सामाजिक सेवा, कौशल विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण, स्वयंसेवा (वॉलंटियरिंग) और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं.
युवाओं को मिलेंगे ये लाभ
MY Bharat से जुड़ने वाले युवाओं को कई अवसर प्राप्त होंगे, जिनमें प्रमुख हैं—
- सामाजिक और राष्ट्रीय गतिविधियों में भागीदारी.
- नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास.
- सरकारी अभियानों और स्वयंसेवी कार्यक्रमों से जुड़ने का अवसर.
- कौशल विकास और व्यावहारिक अनुभव.
- देशभर के युवाओं के साथ नेटवर्किंग का अवसर.
स्कूल-कॉलेजों में चलाया जाएगा विशेष अभियान
जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में अधिक से अधिक छात्रों का MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए सभी कॉलेजों में नोडल पदाधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे.
साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, पॉलिटेक्निक, एनएसएस, एनसीसी तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स से जुड़े युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा.
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी करेंगे प्रचार
जिले के कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी MY Bharat और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जोड़ा जाएगा. इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक इस अभियान की जानकारी पहुंचाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा तथा सामुदायिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है.
इसे भी पढ़ें: वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद
