वैशाली के राघोपुर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान और सम्राट चौधरी, ट्रैक्टर से किया निरीक्षण

Bihar Flood: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली के बाढ़ग्रस्त राघोपुर इलाके का दौरा किया. उन्होंने ट्रैक्टर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर फसल क्षति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की.

Bihar Flood: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को वैशाली के बाढ़ प्रभावित राघोपुर इलाके का जायजा लेने पहुंचे. दोनों नेताओं ने तेरसिया और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित लोगों तथा किसानों से बातचीत की. बाढ़ के पानी और जलभराव वाले इलाकों तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर का भी इस्तेमाल किया गया.

खेतों में पहुंचकर फसल नुकसान का लिया जायजा

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का विशेष फोकस बाढ़ से किसानों को हुए नुकसान पर रहा. तेरसिया क्षेत्र में खेतों और बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर फसल क्षति की स्थिति देखी गयी. किसानों से बातचीत कर बाढ़ के कारण खेती पर पड़े असर की जानकारी ली गयी. केंद्रीय टीम भी बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है.

राघोपुर के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं. गंगा के जलस्तर बढ़ने से खेतों में पानी पहुंचने के कारण फसलों को नुकसान हुआ है. स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव कार्य भी जारी है.

बाढ़ पीड़ितों से करेंगे बातचीत, अधिकारियों के साथ होगी समीक्षा बैठक

दौरे के दौरान दोनों नेता बाढ़ प्रभावित लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं. इसके बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में बाढ़, राहत और बचाव कार्य तथा किसानों को हुए नुकसान की समीक्षा की जाएगी.

केंद्रीय मंत्री के दौरे में कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी शामिल है. इसका उद्देश्य बाढ़ से हुए नुकसान का जमीनी स्तर पर आकलन करना है.

एक दिन पहले 8.27 लाख परिवारों को भेजी गयी राहत राशि

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 15 सितंबर को बाढ़ प्रभावित 8,27,472 परिवारों के बैंक खातों में ₹7,000 प्रति परिवार की दर से कुल ₹579.23 करोड़ की आनुग्रहिक राहत राशि DBT के माध्यम से भेजने की शुरुआत की थी.

इस राहत के बीच राघोपुर में मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का दौरा फसल क्षति और जमीनी स्थिति के आकलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और नुकसान की जानकारी ली जा रही है.

राघोपुर में बाढ़ से खेती पर पड़ा असर

राघोपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में खेत प्रभावित हुए हैं. खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है. ऐसे में किसानों की मांग और फसल क्षति का आकलन दौरे के प्रमुख मुद्दों में शामिल है. केंद्रीय और राज्य स्तर पर नुकसान का आकलन होने के बाद सहायता से जुड़े फैसलों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

दौरे के दौरान राघोपुर के पूर्व विधायक सतीश यादव समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे.

Also Read: बिहार में 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 90 लाख जमाबंदियों में होगा सुधार, मुख्य सचिव ने CO-DM को दिया आदेश

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >